सेवा संकल्प से संवरी उम्मीद
0.40 हेक्टेयर में गुलाब पटेल ने लिखा मछली पालन से समृद्धि का नया अध्याय
रायपुर । एक किसान के लिए उसकी जमीन सिर्फ मिट्टी का टुकड़ा नहीं, बल्कि बेहतर भविष्य की उम्मीदों का आधार होती है। सारंगढ़ विकासखंड के ग्राम नवरंगपुर निवासी गुलाब पटेल, पिता स्व. प्रेमलाल पटेल ने अपनी इसी जमीन में छिपी संभावनाओं को पहचाना और एक ऐसी मिसाल कायम की, जो आज प्रदेश के हजारों किसानों और युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुकी है।
पारंपरिक खेती से इतर कुछ नया करने की सोच के साथ गुलाब पटेल ने जल संरक्षण और मत्स्य पालन को आजीविका का जरिया बनाने का फैसला किया। उनकी इस सोच को साकार करने में केंद्र व राज्य सरकार की प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना और सेवा संकल्प अभियान संबल बने। शासकीय योजना के माध्यम से मिले सहयोग और विभागीय मार्गदर्शन ने गुलाब पटेल को अपने सीमित संसाधनों का बेहतर उपयोग करने की राह दिखाई।

शासकीय योजना से मिली राह और संबल
गुलाब पटेल के पास 0.40 हेक्टेयर भूमि थी, जिसे उन्होंने तालाब निर्माण के लिए चुना। योजना के तहत उन्हें विभाग से 1.20 लाख रुपए का अनुदान प्राप्त हुआ। विभागीय मार्गदर्शन और वित्तीय सहायता से तालाब का निर्माण पूरा हुआ। तालाब निर्माण के साथ ही उनके लिए मछली पालन की नई संभावनाओं के द्वार खुले और उन्होंने इसे व्यवस्थित तरीके से आजीविका के साधन के रूप में अपनाना शुरू किया।

तालाब तैयार होने के बाद गुलाब पटेल ने मत्स्य पालन को वैज्ञानिक तकनीक और पूरे समर्पण के साथ आगे बढ़ाया। उन्होंने नियमित देखरेख, उत्तम आहार और उचित प्रबंधन पर ध्यान दिया। परिणामस्वरूप छोटे से जलक्षेत्र का बेहतर उपयोग करते हुए उन्होंने मत्स्य उत्पादन को आय के मजबूत स्रोत में बदल दिया।
250 क्विंटल उत्पादन और 10 से 15 लाख का शुद्ध लाभ
गुलाब पटेल की मेहनत और बेहतर प्रबंधन का परिणाम यह है कि वर्तमान में उनके 0.40 हेक्टेयर के जलक्षेत्र से प्रतिवर्ष लगभग 250 क्विंटल मछली का उत्पादन हो रहा है। तमाम लागत निकालने के बाद उन्हें हर साल 10 से 15 लाख रुपए तक का शुद्ध लाभ मिल रहा है।
मत्स्य पालन से होने वाली इस आय ने गुलाब पटेल की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने यह दिखाया है कि उपलब्ध संसाधनों का योजनाबद्ध और वैज्ञानिक तरीके से उपयोग किया जाए तो कृषि के साथ-साथ मत्स्य पालन जैसी गतिविधियां भी ग्रामीण परिवारों के लिए बेहतर आजीविका का माध्यम बन सकती हैं।
सेवा संकल्प अभियान: कागजों से निकलकर जमीन पर उतरती योजनाएं
गुलाब पटेल की यह सफलता ‘सेवा संकल्प अभियान’ की उस मूल भावना को दर्शाती है, जिसका उद्देश्य शासकीय योजनाओं को केवल कागजी आंकड़ों तक सीमित न रखकर आमजन के जीवन में वास्तविक और सकारात्मक बदलाव लाना है। शासन के सहयोग, विभागीय मार्गदर्शन और किसान की अनथक मेहनत के इस संगम ने एक छोटे से भू-खंड को आर्थिक आत्मनिर्भरता के मजबूत मॉडल में बदल दिया है।
प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत मिले सहयोग ने गुलाब पटेल को अपने संसाधनों का बेहतर उपयोग करने का अवसर दिया। योजना के माध्यम से प्राप्त अनुदान और विभागीय मार्गदर्शन से तालाब निर्माण संभव हुआ, जिसके बाद उन्होंने मत्स्य पालन को अपनी आजीविका का प्रमुख आधार बनाया।
आज गुलाब पटेल न केवल आर्थिक रूप से सशक्त हुए हैं, बल्कि अपने संसाधनों का बेहतर उपयोग कर दूसरों के लिए भी एक मार्गदर्शक बनकर उभरे हैं। उनकी यह कहानी साबित करती है कि यदि सही योजना और दृढ़ संकल्प का साथ मिले, तो जमीन का एक छोटा सा टुकड़ा भी समृद्धि का द्वार खोल सकता है।
गुलाब पटेल की सफलता ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध प्राकृतिक एवं स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग की संभावनाओं को भी सामने लाती है। उनके प्रयास से यह संदेश मिलता है कि पारंपरिक खेती के साथ अन्य आजीविका गतिविधियों को अपनाकर किसान अपनी आय के नए स्रोत विकसित कर सकते हैं। योजना का लाभ, विभागीय सहयोग और स्वयं की मेहनत मिलकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
