एसईसीएल मुख्यालय में राजभाषा पखवाड़ा 2026 का गरिमामय समापन
उत्कृष्ट हिंदी पत्राचार के लिए विभाग व क्षेत्र राजभाषा शील्ड से सम्मानित, प्रतियोगिताओं के विजेता पुरस्कृत

बिलासपुर । साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) मुख्यालय में राजभाषा पखवाड़ा 2026 का समापन समारोह गुरुवार को मुख्यालय ऑडिटोरियम में आयोजित हुआ। यह पखवाड़ा गृह मंत्रालय, राजभाषा विभाग, भारत सरकार के निर्देशानुसार 14 से 28 सितम्बर तक मनाया गया था।

समारोह में निदेशक (मानव संसाधन) श्री बिरंची दास मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। निदेशक (वित्त) श्री डी. सुनील कुमार एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री हिमांशु जैन विशिष्ट अतिथि रहे। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष, क्षेत्रीय कार्यालयों के प्रतिनिधि और मुख्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। ठेका कर्मी, स्कूली विद्यार्थी और महाविद्यालय की छात्राएँ भी बड़ी संख्या में मौजूद रहीं।

समारोह का शुभारंभ अतिथियों एवं विभागाध्यक्षों ने माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। स्वागत उद्बोधन उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन-प्रशासन/जनसंपर्क/राजभाषा) श्री मनीष कुमार श्रीवास्तव ने दिया।
पखवाड़े के दौरान कर्मचारियों से लेकर विद्यार्थियों तक के लिए विविध प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। हिंदी भाषी और हिंदीतर भाषी कर्मियों के लिए अलग-अलग वर्गों में पाँच प्रतियोगिताएँ हुईं: हिंदी निबंध लेखन, हिंदी पत्र व टिप्पण लेखन, चित्र आधारित हिंदी कहानी लेखन, हिंदी व्याकरण ज्ञान तथा विभागाध्यक्षों हेतु हिंदी ज्ञान प्रतियोगिता। दोनों वर्गों के लिए संयुक्त रूप से हिंदी आशुलिपि, कंप्यूटर आधारित हिंदी टंकण, हिंदी भाषण, हिंदी काव्य पाठ और हिंदी अंताक्षरी प्रतियोगिताएँ हुईं। गृहणियों के लिए निबंध लेखन और ठेका कामगारों के लिए हिंदी ज्ञान प्रतियोगिता भी कराई गई। डीएवी स्कूल के विद्यार्थियों के लिए तीन वर्गों में हिंदी ज्ञान प्रतियोगिता हुई: कक्षा 6वीं से 8वीं, कक्षा 9वीं व 10वीं, तथा कक्षा 11वीं व 12वीं। शासकीय माता शबरी नवीन कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय की छात्राओं के लिए हिंदी साहित्य प्रतियोगिता हुई। अंध-मूक बधिर शाला, तिफरा के बच्चों के लिए हिंदी भाषण एवं हिंदी चित्र लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। समारोह में अतिथियों ने सभी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए।
समारोह में स्व. शंकर दयाल सिंह स्मृति राजभाषा शील्ड में तकनीकी वर्ग में सामग्री प्रबंधन विभाग ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उत्पादन विभाग द्वितीय और योजना-परियोजना विभाग तृतीय स्थान पर रहे। गैर-तकनीकी वर्ग में प्रशासन विभाग और औद्योगिक संबंध विभाग संयुक्त रूप से प्रथम रहे। इस वर्ग में श्रमशक्ति विभाग ने द्वितीय और लोक सूचना विभाग ने तृतीय स्थान हासिल किया। क्षेत्रीय स्तर पर भटगांव क्षेत्र प्रथम रहा, जबकि कोरबा क्षेत्र द्वितीय और जोहिला क्षेत्र तृतीय स्थान पर रहे।
वर्ष भर शत-प्रतिशत पत्राचार हिंदी में करने वाले ग्यारह विभागों को विशेष सम्मान से नवाज़ा गया। इनमें जनसंपर्क, सुरक्षा, उत्खनन, पीएफ-पेंशन, औद्योगिक अभियांत्रिकी, गुणवत्ता नियंत्रण, ईएंडटी, विपणन-विक्रय, अधिकारी स्थापना, भूमिगत खदान एवं प्रणाली विभाग शामिल हैं। प्रणाली विभाग एवं प्रशासन एवं जनसंपर्क विभाग तथा नगर प्रशासन विभाग को सर्वोच्च सहभागिता पुरस्कार मिला।
हिंदी में शैक्षणिक उपलब्धि हासिल करने वाले विद्यार्थियों को भी समारोह में सम्मानित किया गया। प्रतियोगिताओं में निर्णायक और जांचकर्ता की भूमिका निभाने वाले विद्वानों, शिक्षाविदों एवं साहित्यकारों का भी सम्मान किया गया।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
