एनटीपीसी सीपत में सतर्कता जागरूकता सप्ताह का समापन, भ्रष्टाचार मुक्त भारत बनाने का लिया संकल्प
स्कूली बच्चों ने नुक्कड़ नाटक और गीतों के माध्यम से दिया सत्यनिष्ठा का संदेश, प्रतियोगिताओं के विजेताओं को किया गया सम्मानित
सीपत। एनटीपीसी सीपत में सतर्कता जागरूकता सप्ताह का समापन समारोह 16 नवंबर 2026 को आयोजित किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों, कर्मचारियों, स्कूली विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने भ्रष्टाचार मुक्त भारत बनाने तथा जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सत्यनिष्ठा और पारदर्शिता अपनाने का संकल्प लिया।

उल्लेखनीय है कि एनटीपीसी सीपत में 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह का आयोजन किया गया था। इस दौरान बाल भारती पब्लिक स्कूल सहित आसपास के शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए विभिन्न रचनात्मक एवं जागरूकता संबंधी गतिविधियां आयोजित की गईं। इनमें ड्राइंग, पेंटिंग और निबंध प्रतियोगिताएं प्रमुख रहीं। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनाओं और विचारों के माध्यम से भ्रष्टाचार की रोकथाम, ईमानदारी और सतर्कता के महत्व को रेखांकित किया।
इसी कड़ी में ग्राम पंचायत कर्रा में ग्रामसभा का आयोजन कर ग्रामीणों को भ्रष्टाचार मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया। ग्रामीणों से समाज में पारदर्शिता, जवाबदेही और ईमानदारी की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया गया।
समापन समारोह में स्कूली बच्चों एवं संविदा कर्मचारियों ने सतर्कता जागरूकता पर आधारित नुक्कड़ नाटक और प्रेरक गीत प्रस्तुत किए। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से समाज में सत्यनिष्ठा, ईमानदारी और भ्रष्टाचार के विरुद्ध जागरूकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में ”सत्यनिष्ठा से समृद्धि” की थीम के अनुरूप भ्रष्टाचार मुक्त भारत बनाने का सामूहिक संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक (सतर्कता) कुंदन राठौड़ ने पूरे सप्ताह आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सतर्कता जागरूकता सप्ताह के दौरान विद्यार्थियों, कर्मचारियों और ग्रामीणों की सहभागिता को महत्वपूर्ण बताया।
परियोजना प्रमुख विजय शंकर दुबे ने अपने संबोधन में विकसित भारत, समृद्ध भारत और भ्रष्टाचार मुक्त भारत के निर्माण में सभी की सहभागिता को आवश्यक बताया। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों से अपने कार्यों में ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने तथा भ्रष्टाचार के विरुद्ध जागरूक रहने की अपील की।
समारोह के मुख्य अतिथि विजय शंकर दुबे एवं अन्य वरिष्ठ अतिथियों ने सतर्कता जागरूकता सप्ताह के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। इसके साथ ही परियोजना में आयोजित साइबर सुरक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत हुई विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम में महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) सुरोजीत सिन्हा, महाप्रबंधक (इंजीनियरिंग) विकास खरे, प्रमुख (मानव संसाधन) भक्त वत्सल पात्रा, विभागाध्यक्ष (विजिलेंस) कुंदन राठौड़ सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
समापन समारोह ने यह संदेश दिया कि भ्रष्टाचार मुक्त और समृद्ध भारत का निर्माण केवल प्रशासनिक प्रयासों से नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की ईमानदारी, जागरूकता और सामूहिक जिम्मेदारी से संभव है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

