एनटीपीसी सीपत में साइबर सुरक्षा पर कार्यशाला आयोजित, विशेषज्ञों ने बताए ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय
डिजिटल अरेस्ट, फर्जी एपीके फाइल और साइबर अपराधों के प्रति विद्यार्थियों, सीआईएसएफ जवानों एवं कर्मचारियों को किया जागरूक
सीपत । एनटीपीसी सीपत में सतर्कता जागरूकता अभियान 2026 के अंतर्गत 18 नवंबर को कला निकेतन सभागार में साइबर सुरक्षा विषय पर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों, कर्मचारियों एवं सुरक्षा बल के सदस्यों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना तथा डिजिटल माध्यमों से होने वाली धोखाधड़ी से बचाव के प्रभावी उपायों की जानकारी देना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिलासपुर संभाग के पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग (आईपीएस) तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में बिलासपुर के पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (आईपीएस) शामिल हुए। दोनों वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों और उनसे बचने के उपायों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
कार्यशाला के दौरान पुलिस अधिकारियों ने साइबर सुरक्षा, डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन ठगी तथा एपीके जैसी फर्जी फाइलों के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों के बारे में बताया। उन्होंने समझाया कि साइबर अपराधी लोगों को अलग-अलग तरीकों से अपने जाल में फंसाकर उनकी व्यक्तिगत एवं बैंकिंग संबंधी जानकारी हासिल करने का प्रयास करते हैं। ऐसे में किसी भी अनजान लिंक, संदिग्ध मैसेज या फर्जी एप्लीकेशन फाइल को डाउनलोड करने से बचना चाहिए। साथ ही डिजिटल अरेस्ट के नाम पर डराकर पैसे मांगने जैसी धोखाधड़ी के प्रति भी सतर्क रहने की आवश्यकता बताई गई।
इस दौरान बाल भारती पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं, सीआईएसएफ के बल सदस्यों तथा एनटीपीसी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की। पुलिस अधिकारियों ने प्रतिभागियों को साइबर अपराधों की पहचान करने, सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की जानकारी संबंधित विभाग को देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में एसबीआई शाखा प्रबंधक श्रीमती सृष्टि चौहान ने भी बैंकिंग धोखाधड़ी से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यदि कोई व्यक्ति डिजिटल माध्यम से ठगी का शिकार होता है तो उसे बिना देरी किए तत्काल अपने बैंक की शाखा को इसकी सूचना देनी चाहिए। इसके साथ ही उपलब्ध महत्वपूर्ण साइबर शिकायत संपर्क नंबरों पर भी शिकायत दर्ज करानी चाहिए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई हो सके और संभावित आर्थिक नुकसान को कम किया जा सके।
कार्यशाला के समापन अवसर पर एनटीपीसी सीपत के परियोजना प्रमुख ने मुख्य अतिथि राम गोपाल गर्ग एवं विशिष्ट अतिथि रजनेश सिंह को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर एनटीपीसी के महाप्रबंधक (प्रचालन एवं एफएम) अशोक सरकार, महाप्रबंधक (इंजीनियरिंग) विकास खरे, प्रमुख (मानव संसाधन) भक्त वत्सल पात्रा, विभागाध्यक्ष (विजिलेंस) कुंदन राठौड़, बाल भारती पब्लिक स्कूल के प्राचार्य शलभ निगम सहित एनटीपीसी के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यशाला के माध्यम से प्रतिभागियों को यह संदेश दिया गया कि डिजिटल तकनीक के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता और सतर्कता बेहद जरूरी है। समय रहते सावधानी बरतकर ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचा जा सकता है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

