दिनदहाड़े सूने मकानों में चोरी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, 10 मामलों का खुलासा

0
IMG-20261011-WA1357

6 लाख के सोने-चांदी के जेवरात और 1.30 लाख नकद बरामद, चोरी की रकम से खरीदी क्रेटा और बुलेट भी जब्त

बिलासपुर। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में दिनदहाड़े सूने मकानों का ताला तोड़कर चोरी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। थाना कोटा और एसीसीयू बिलासपुर की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों से बिलासपुर जिले के नौ और कोरबा जिले के एक मामले सहित कुल 10 चोरी के प्रकरणों का खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 6 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, 1.30 लाख रुपये नकद, गुल्लक के 1,250 रुपये के सिक्के तथा चोरी की रकम से खरीदी गई क्रेटा कार और बुलेट मोटरसाइकिल जब्त की है।

खेती-किसानी के समय सूने मकानों को बनाते थे निशाना

पुलिस के अनुसार, जिले के ग्रामीण थाना क्षेत्रों में पिछले कुछ महीनों से दिन के समय चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। आरोपी उस समय सूने मकानों को निशाना बनाते थे, जब ग्रामीण खेती-किसानी या अन्य कामों से घर से बाहर जाते थे। आरोपी ताला तोड़कर आलमारी और पेटी में रखे सोने-चांदी के जेवरात तथा नकदी चोरी कर फरार हो जाते थे।

NTPC World Environment Day

मामलों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर थाना कोटा और एसीसीयू की संयुक्त टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह, एसीसीयू नोडल अधिकारी सीएसपी सुदीप सरकार और एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर जांच की।

कोरबा से पकड़े गए आरोपी

जांच के दौरान पुलिस ने कोरबा जिले के मानिकपुर क्षेत्र के तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने चोरी की घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनोद कुमार वासुदेव (33), भूपेंद्र सिंह राठौर उर्फ गुरुजी (43) और राज प्रजापति उर्फ लल्लू (19), निवासी डिपरपारा, ग्राम मानिकपुर, जिला कोरबा के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी की रकम से वाहन खरीदने और उनकी किस्त चुकाने में भी रकम खर्च करते थे। विनोद कुमार वासुदेव द्वारा चोरी की रकम से क्रेटा कार खरीदने तथा राज प्रजापति द्वारा अपने चाचा के नाम पर बुलेट मोटरसाइकिल खरीदने की जानकारी मिलने पर दोनों वाहन जब्त किए गए।

जांजगीर जिले में भी दर्ज हैं मामले

पुलिस के मुताबिक, आरोपी पूर्व में वर्ष 2022-23 के दौरान जांजगीर जिले में दिनदहाड़े चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं। उनके विरुद्ध वहां 19 प्रकरण दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल आरोपियों को बिलासपुर जिले के नौ और कोरबा जिले के एक मामले में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस आरोपियों की संपत्ति और अन्य आपराधिक गतिविधियों की जांच कर रही है।

इस कार्रवाई में निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, थाना प्रभारी दिलीप साहू, निरीक्षक गोपाल सतपथी सहित थाना कोटा और एसीसीयू के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!