शादी का झांसा देकर 5.65 लाख की ठगी, चार महिलाओं समेत पांच आरोपी गिरफ्तार

0
IMG-20261011-WA1022

मोबाइल पर विज्ञापन देकर फंसाते थे लोग, फर्जी पहचान से युवती बनकर करती थी बात; साइबर पुलिस ने किया गिरोह का पर्दाफाश

जांजगीर-चांपा। शादी के नाम पर लोगों को ठगी का शिकार बनाने वाले गिरोह का जांजगीर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। साइबर थाना पुलिस ने मामले में चार महिलाओं और एक पुरुष सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर शादी का विज्ञापन देकर रिश्ता तय कराने का झांसा देने और अलग-अलग बहाने बनाकर एक व्यक्ति से 5 लाख 65 हजार 355 रुपये ठगने का आरोप है। पुलिस ने साइबर क्राइम पोर्टल पर दर्ज शिकायत के आधार पर मामले की जांच करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई।

शादी के विज्ञापन से शुरू हुआ ठगी का खेल

पुलिस के अनुसार, नवागढ़ निवासी 53 वर्षीय रेशम लाल साहू अपने लिए शादी का रिश्ता तलाश रहे थे। इसी दौरान उनके मोबाइल पर शादी से संबंधित एक विज्ञापन आया। विज्ञापन के माध्यम से संपर्क करने पर उन्हें महासमुंद के सरकारी अस्पताल में नर्स के पद पर कार्यरत पदमा नाम की युवती से शादी कराने का आश्वासन दिया गया। कुछ राशि जमा कराने के बाद उन्हें युवती का मोबाइल नंबर उपलब्ध कराया गया।

इसके बाद व्हाट्सएप चैटिंग और मोबाइल कॉल के जरिए युवती से बातचीत शुरू हुई। युवती ने कभी अपनी मां के इलाज, कभी खुद के उपचार, कभी दुर्घटना और कभी मां की मृत्यु का हवाला देकर पैसे मांगे। शादी की उम्मीद में प्रार्थी ने अलग-अलग किश्तों में कुल 5 लाख 65 हजार 355 रुपये खातों में जमा कर दिए। इसके लिए उन्होंने जमीन बेचकर मिली रकम के साथ अन्य लोगों से उधार भी लिया।

NTPC World Environment Day

सरकारी अस्पताल में नहीं मिली पदमा

जब रेशम लाल ने युवती से मिलने की बात कही तो वह लगातार बहाने बनाने लगी। संदेह होने पर प्रार्थी महासमुंद के सरकारी अस्पताल पहुंचे, जहां पदमा नाम की कोई युवती नहीं मिली। आसपास जानकारी लेने पर भी उसका पता नहीं चला। इसके बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने हेल्पलाइन नंबर 1930 के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई। मामले में साइबर थाना जांजगीर में अपराध क्रमांक 10/26 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

फर्जी संस्था बनाकर कर रहे थे ठगी

जांच के दौरान साइबर पोर्टल की मदद से बैंक खातों, बैंकिंग विवरण और मोबाइल नंबरों को ट्रेस किया गया। जांच में आरोपियों के राजनांदगांव से जुड़े होने की जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार, भूमिका रंगारी ही पदमा बनकर प्रार्थी से बातचीत करती थी। उसने अपने खाते में करीब ढाई लाख रुपये प्राप्त किए थे।

पूछताछ में भूमिका ने बताया कि वह वर्ष 2025 में लव लाइक रिश्ते मैरिज ब्यूरो में काम करती थी। काम छोड़ने के बाद बेरोजगार होने पर उसने कथित तौर पर एक फर्जी संस्था शुरू की और मोबाइल पर विज्ञापन चलाकर शादी का झांसा देकर लोगों से पैसे ऐंठने लगी। पुलिस के मुताबिक, रोहित कुमार गुप्ता, नसीम बानो, तय्यबा बानो और शायना बानो ने कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते उपलब्ध कराए थे। ठगी की शेष रकम इन खातों में ट्रांसफर होने की जानकारी मिली है।

राजनांदगांव से पांच आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने भूमिका रंगारी, रोहित कुमार गुप्ता, नसीम बानो, तय्यबा बानो और शायना बानो को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी राजनांदगांव क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस के अनुसार, भूमिका रंगारी के विरुद्ध शादी के नाम पर पैसे लेने से संबंधित अन्य शिकायतें भी साइबर पोर्टल पर दर्ज हैं। इस संबंध में संबंधित थानों को सूचना दी गई है।

पुलिस ने नागरिकों से की अपील

जांजगीर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल पर दिखने वाले विज्ञापनों पर आंख मूंदकर भरोसा न करें। शादी के लिए रिश्ता तलाशते समय संबंधित व्यक्ति और संस्था की विश्वसनीयता की जांच करें। इसी तरह ऑनलाइन सामान खरीदते समय भी विश्वसनीय वेबसाइटों का ही उपयोग करें।

इस कार्रवाई में निरीक्षक भास्कर शर्मा, प्रशिक्षु उप निरीक्षक लक्ष्मी साहू, सहायक उप निरीक्षक विवेक सिंह, प्रधान आरक्षक मनोज तिग्गा तथा आरक्षक गिरीश कश्यप, पद्मराज सिंह और दिव्या सिंह का योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!