छत्तीसगढ़ सरकार की पुनर्वास नीति से बदली चीतुराम शोरी की जिंदगी

0
IMG-20261014-WA1181

विशेष परियोजना से मिला पक्का आशियाना

रायपुर । छत्तीसगढ़ सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटने वाले व्यक्तियों और उनके परिवारों को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं बेहतर जीवन जीने का अवसर प्रदान कर रही है। इसी दिशा में कोण्डागांव जिले के मर्दापाल क्षेत्र के ग्राम चांगेर निवासी चीतुराम शोरी के जीवन में एक सकारात्मक बदलाव आया है। कभी हिंसा के रास्ते पर चले गए चीतुराम ने आत्मसमर्पण कर समाज की मुख्यधारा में लौटने का दृढ़ निर्णय लिया। आज शासन की पुनर्वास नीति और विशेष परियोजना के तहत मिले पक्के आवास ने उनके परिवार को एक सुरक्षित आशियाना प्रदान किया है।

पुनर्वास से मिली नई राह, परिवार को मिला सुरक्षित आशियाना

चीतुराम शोरी पूर्व में हिंसा के रास्ते पर चले गए थे, लेकिन उन्होंने माओवाद के हिंसात्मक मार्ग को हमेशा के लिए छोड़कर समाज की मुख्यधारा में वापस लौटने का निर्णय लिया। उनके इस सकारात्मक निर्णय के बाद पुनर्वास की प्रक्रिया के तहत उन्हें शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया।

NTPC World Environment Day

जिला प्रशासन द्वारा आत्मसमर्पित परिवारों के लिए संचालित विशेष परियोजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2024-25 में उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पक्का मकान स्वीकृत किया गया। योजना के अंतर्गत उन्हें 1 लाख 20 हजार रुपये की सहायता राशि प्राप्त हुई, जिससे उन्होंने निर्धारित समय में अपने पक्के मकान का निर्माण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया। अब वे अपने पूरे परिवार के साथ इसी पक्के मकान में सुरक्षित जीवन व्यतीत कर रहे हैं। इस स्थायी आवास की उपलब्धता से उनके परिवार को सुरक्षा मिली है और भविष्य के प्रति उनका भरोसा भी काफी मजबूत हुआ है।

आत्मसमर्पित परिवारों के जीवन में बदलाव की पहल

छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पुनर्वास नीति केवल हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौटने का अवसर ही प्रदान नहीं करती, बल्कि आत्मसमर्पित व्यक्तियों और उनके परिवारों को एक सम्मानजनक जीवन जीने के लिए आवश्यक बुनियादी सुविधाओं से जोड़ने का भी निरंतर प्रयास करती है।

आवास सहित कई अन्य जरूरी सुविधाओं और शासन की योजनाओं का लाभ मिलने से ऐसे परिवारों को जीवन में स्थिरता मिली है। इससे उन्हें अपने बच्चों के सुनहरे भविष्य, परिवार की दैनिक जरूरतों को पूरा करने तथा आजीविका के नए अवसर प्राप्त करने में भी बड़ी सहायता मिल रही है।

नए जीवन की स्वर्णिम शुरुआत

माओवाद प्रभावित क्षेत्रों में विकास की पहुंच सुनिश्चित करने और समाज की मुख्यधारा से दूर हुए परिवारों को पुनः जोड़ने के लिए पुनर्वास के साथ-साथ जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन बहुत आवश्यक है। चीतुराम को मिला पक्का आवास इसी प्रयास का एक बेहतरीन उदाहरण है, जहां शासकीय सहायता ने उनके परिवार को सुरक्षित रहने की स्थायी सुविधा उपलब्ध कराई है।

आज वे अपने परिवार के साथ पूरी तरह सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी रहे हैं। यह पक्का मकान उनके लिए केवल रहने की एक जगह मात्र नहीं है, बल्कि उनके नए जीवन की स्वर्णिम शुरुआत और एक बेहतर भविष्य की उम्मीद का सबसे बड़ा आधार है। इस महत्वपूर्ण सकारात्मक बदलाव के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति अपना आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!