खेत बचाओ अभियान- ग्राम मुरता में कृषक जागरूकता कार्यक्रम सम्पन्न
रायपुर । भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद-राष्ट्रीय जैविक स्ट्रेस प्रबंधन संस्थान, रायपुर द्वारा संचालित खेत बचाओ अभियान-रबी 2026 के अंतर्गत सोमवार को जिला बेमेतरा के नवागढ़ विकासखंड की ग्राम पंचायत मुरता में कृषक जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कुल 37 किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में संस्थान वैज्ञानिक डॉ. विनोद कुमार वाशनिक एवं डॉ. आशीष मराठे ने किसानों को मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, संतुलित उर्वरक उपयोग, प्राकृतिक एवं जैविक खेती तथा टिकाऊ कृषि पद्धतियों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने किसानों को रासायनिक उर्वरकों का संतुलित एवं आवश्यकता आधारित उपयोग करने, मृदा की उर्वरता बनाए रखने तथा फसल उत्पादन में प्राकृतिक एवं जैविक कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान वैज्ञानिकों एवं किसानों के बीच संवादात्मक परिचर्चा भी आयोजित की गई, जिसमें किसानों ने खेती से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं चुनौतियों पर चर्चा की। वैज्ञानिकों ने किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए स्थानीय कृषि परिस्थितियों के अनुरूप टिकाऊ एवं लाभकारी कृषि तकनीकों को अपनाने की सलाह दी।

साथ ही फसल अवशेष प्रबंधन तथा मृदा एवं जल संसाधनों के संरक्षण के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। ग्राम पंचायत मुरता के सरपंच बुधारू गेण्डले की उपस्थिति एवं सहभागिता से कार्यक्रम को स्थानीय स्तर पर प्रोत्साहन मिला। इस अभियान का उद्देश्य किसानों को वैज्ञानिक कृषि तकनीकों से जोड़ते हुए मृदा स्वास्थ्य में सुधार, उर्वरकों के विवेकपूर्ण उपयोग, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा जलवायु अनुकूल एवं टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देना है। संस्थान द्वारा खेत बचाओ अभियान, रबी 2026 के अंतर्गत किसानों तक वैज्ञानिक जानकारी एवं उपयोगी कृषि तकनीकों का प्रसार निरंतर किया जा रहा है।


The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
