केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नवा रायपुर में किया विकसित भारत संकल्प पार्क का लोकार्पण
विकसित भारत के संकल्प के साथ पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का संदेश देगा विकसित भारत संकल्प पार्क
‘People for Peepal’ अभियान के तहत लगभग 16 एकड़ में विकसित पार्क में लगाए गए 2,500 से अधिक पीपल और 500 से अधिक स्थानीय प्रजातियों के पौधे

नवा रायपुर को ‘पीपल सिटी’ के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

भावी पीढ़ियों को विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करेगा पार्क
रायपुर । केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-16 में ‘विकसित भारत संकल्प पार्क’ का भव्य लोकार्पण किया। इस गरिमामयी अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पार्क परिसर में पीपल का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण, हरियाली और एक हरित भविष्य का सशक्त संदेश भी दिया।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के पावन संकल्प को चिरस्थायी बनाने और भावी पीढ़ियों तक राष्ट्र निर्माण की प्रेरणादायी सोच पहुंचाने के उद्देश्य से इस विकसित भारत संकल्प पार्क का निर्माण किया गया है। यह पार्क एक विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत की परिकल्पना का राष्ट्रीय प्रतीक बनने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज की सामूहिक जिम्मेदारी का भी सशक्त संदेश देगा।
नवा रायपुर को एक हरित, स्वच्छ और पूरी तरह पर्यावरण अनुकूल आधुनिक शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में यह एक बेहद महत्वपूर्ण और दूरगामी पहल है। लगभग 16 एकड़ के विशाल क्षेत्र में विकसित इस पार्क में अब तक 2,500 से अधिक पीपल के वृक्ष और 500 से अधिक स्थानीय प्रजातियों के छायादार व फलदार पौधे सफलतापूर्वक लगाए जा चुके हैं। यह पार्क नवा रायपुर को ‘पीपल सिटी’ के रूप में एक नई राष्ट्रीय पहचान दिलाने के साथ-साथ पूरे शहर की हरियाली और पर्यावरणीय संतुलन को और अधिक सुदृढ़ करने में अग्रणी भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर प्रदेश के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, वन मंत्री केदार कश्यप तथा कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब सहित अन्य वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
‘People for Peepal’ अभियान से पर्यावरण संरक्षण में बढ़ेगी जनभागीदारी

नवा रायपुर को हरित और पर्यावरण अनुकूल शहर के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से ‘People for Peepal’ नामक विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इस दूरदर्शी अभियान का मुख्य उद्देश्य केवल पौधरोपण करना भर नहीं है, बल्कि नागरिकों को इन पौधों के निरंतर संरक्षण, संवर्धन और नियमित देखभाल से जोड़कर पर्यावरण संरक्षण को एक जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान करना है।
इसी वृहद् पहल के अंतर्गत विकसित भारत संकल्प पार्क को पर्यावरण संरक्षण, जनभागीदारी और सतत विकास (सस्टेनेबल डेवलपमेंट) के प्रमुख केंद्र के रूप में सजाया और संवारा गया है। भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा में पीपल के वृक्ष का विशेष आध्यात्मिक, औषधीय और पर्यावरणीय महत्व स्वीकार किया गया है। इस अभियान के माध्यम से पीपल के प्रति जनमानस की अगाध आस्था को प्रकृति संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता से सीधे जोड़ा जा रहा है।
विकसित भारत संकल्प पार्क आधुनिक शहरी विकास और प्रकृति के बीच एक सुंदर संतुलन का बेजोड़ उदाहरण प्रस्तुत करेगा। यह पहल आने वाली पीढ़ियों को पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाने के साथ ही एक सशक्त और विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाने के लिए निरंतर प्रेरित करेगी।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
