गोवर्धन पूजा पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा कवर्धा में विभिन्न कार्यक्रमों में हुए शामिल

0
Screenshot_20261111_084412

रेवाबांध तालाब और मठपारा में गौरा-गौरी के किए दर्शन एवं पूजन, नागरिकों को दी दीपावली और गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं

कैलाश नगर दैहान में राउत नाचा में हुए शामिल

रायपुर । उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर कबीरधाम जिले के कवर्धा नगर में आयोजित विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में मुख्य रूप से शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने नगर के विभिन्न वार्डों में पहुंचकर पूजा-अर्चना की और क्षेत्रवासियों की सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

अपनी यात्रा की शुरुआत करते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा सबसे पहले विंध्यवासिनी वार्ड क्रमांक 27 स्थित रेवाबांध तालाब पहुंचे। वहां उन्होंने स्थापित गौरा-गौरी के दर्शन कर पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। कार्यक्रम के दौरान उनका एक विशेष और आत्मीय अंदाज देखने को मिला; गौरा-गौरी की बारात को देखकर वे स्वयं को रोक नहीं पाए और बारात में शामिल हो गए। उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ भक्ति गीत गाए और जयकारे लगाकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके पश्चात वे मठपारा पहुंचे, जहां उन्होंने गौरा-गौरी का विधिवत पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

धार्मिक कार्यक्रमों की इस श्रृंखला के बीच, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कवर्धा स्थित अपने निज निवास पर सपरिवार परंपरा अनुसार गोवर्धन पूजा संपन्न की। उन्होंने गौ माता की पूजा-अर्चना कर उन्हें श्रद्धापूर्वक प्रसाद खिलाया। इस दौरान उनके निवास पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, कार्यकर्ता और शुभचिंतक भेंट करने पहुंचे। उप मुख्यमंत्री ने सभी से आत्मीयता से मुलाकात की, उनका हालचाल जाना और समस्त प्रदेशवासियों एवं उपस्थित नागरिकों को दीपावली तथा गोवर्धन पूजा की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दीं।

दिन के अंतिम चरण में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा कैलाशनगर एवं कमला क्लिनिक के समीप स्थित दैहान पहुंचे, जहां आयोजित पारंपरिक गोवर्धन पूजा कार्यक्रम में उन्होंने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कैलाश नगर में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने पूरे भक्तिभाव के साथ पूजा-अर्चना की और अपने हाथों से गायों को भोजन कराया। इस अवसर पर जब स्थानीय ग्रामीणों और लोक कलाकारों ने पारंपरिक राउत नाचा प्रस्तुत करना शुरू किया, तो कवर्धा विधायक विजय शर्मा स्वयं भी अपने आप को रोक नहीं सके और ग्रामीणों के उत्साहवर्धन के लिए उनके साथ राउत नाचा में शामिल होकर थिरके। उनके इस सहज और लोक-संस्कृति से जुड़ाव वाले रूप की उपस्थित जनसमूह ने भूरी-भूरी प्रशंसा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!