मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने श्रीमती मिथिलेश अग्रवाल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का किया शिलान्यास, युवाओं के विचारों को सफल स्टार्टअप में बदलने का मिलेगा अवसर
नवाचार और उद्यमिता के नए युग की ओर छत्तीसगढ़, एनआईटी रायपुर में 88.76 करोड़ के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की आधारशिला
एआई, रोबोटिक्स, साइबर सुरक्षा सहित सात अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं से सुसज्जित होगा केंद्र, अनुसंधान और उद्यमिता को मिलेगी नई गति

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के तकनीकी नवाचारों का किया अवलोकन, कहा – हमारे युवा रोजगार मांगने वाले ही नहीं, रोजगार देने वाले भी बनें

स्टार्टअप एवं निपुण मिशन और मुख्यमंत्री एआई मिशन के लिए 500-500 करोड़ रुपए का प्रावधान, नई तकनीकों में युवाओं को मिलेंगे अवसर
रायपुर । छत्तीसगढ़ में तकनीकी शिक्षा, नवाचार और उद्यमिता को नई ऊंचाई देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) परिसर में 88 करोड़ 76 लाख रुपए की लागत से बनने वाले श्रीमती मिथिलेश अग्रवाल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप इन इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी की आधारशिला रखी। अत्याधुनिक तकनीकों, अनुसंधान सुविधाओं और स्टार्टअप इन्क्यूबेशन से सुसज्जित यह केंद्र प्रदेश की युवा प्रतिभाओं को अपने अभिनव विचारों को सफल उद्यमों में बदलने का अवसर प्रदान करेगा।

मुख्यमंत्री साय ने शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के युवाओं में प्रतिभा और सामर्थ्य की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता उन्हें सही अवसर, आधुनिक संसाधन और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की है। हमारी सरकार ऐसा वातावरण विकसित कर रही है, जहां युवाओं को अपने सपनों को साकार करने के लिए महानगरों की ओर न जाना पड़े, बल्कि वे छत्तीसगढ़ में ही नए आविष्कार करें, उद्योग स्थापित करें और दूसरों के लिए रोजगार के अवसर सृजित करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवा शक्ति, तकनीक और नवाचार की निर्णायक भूमिका होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जिस सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की आधारशिला रखी गई है, वह केवल एक अत्याधुनिक भवन नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की नई पीढ़ी की आकांक्षाओं और संभावनाओं को साकार करने का केंद्र बनेगा। यहां विद्यार्थियों को अपने विचारों पर अनुसंधान करने, तकनीकी समाधान विकसित करने, प्रोटोटाइप तैयार करने और उन्हें व्यावसायिक स्वरूप देने के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे प्रदेश में स्टार्टअप संस्कृति को मजबूती मिलेगी और उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप नई तकनीकों का विकास भी संभव होगा।
मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के माटीपुत्र और प्रख्यात उद्यमी रामदेव अग्रवाल का विशेष अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि रामदेव अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ की धरती से निकलकर अपनी प्रतिभा, परिश्रम और दूरदर्शिता के बल पर देश के उद्योग एवं वित्तीय जगत में विशिष्ट पहचान बनाई है। आज वे अपनी सफलता का लाभ समाज और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का सराहनीय कार्य कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अपनी माता श्रीमती मिथिलेश अग्रवाल की स्मृति में इस संस्थान की स्थापना का संकल्प लेकर उन्होंने मातृभक्ति, कृतज्ञता और समाजसेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। हमारी भारतीय परंपरा में विद्यादान को सर्वोच्च स्थान दिया गया है, क्योंकि शिक्षा व्यक्ति को जीवनभर आत्मनिर्भर बनने की शक्ति देती है। छत्तीसगढ़ में दाऊ कल्याण सिंह और सेठ किरोड़ीमल जैसे दानवीरों ने समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए रामदेव अग्रवाल का यह प्रयास आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगा।
उल्लेखनीय है कि लगभग 88.76 करोड़ रुपए की इस परियोजना में मोतीलाल ओसवाल फाउंडेशन द्वारा 71 करोड़ रुपए से अधिक का योगदान दिया जा रहा है।
विद्यार्थियों के नवाचारों में दिखी भविष्य के छत्तीसगढ़ की झलक
मुख्यमंत्री साय ने कार्यक्रम के दौरान एनआईटी रायपुर के विद्यार्थियों द्वारा विकसित विभिन्न स्टार्टअप और तकनीकी मॉडलों का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए उनके नवाचारों की कार्यप्रणाली, उपयोगिता और भविष्य की संभावनाओं की जानकारी ली।
विद्यार्थियों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित कचरा प्रबंधन, दवाइयों की होम डिलीवरी, औद्योगिक उपकरणों एवं धातुओं में खराबी की पहचान और हेलमेट के माध्यम से सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने जैसे अभिनव तकनीकी समाधान प्रस्तुत किए।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि तकनीक की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब वह आम लोगों के जीवन को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाए। हमारे युवा समाज की समस्याओं को समझकर उनके समाधान खोज रहे हैं, यह अत्यंत उत्साहजनक है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने नवाचारों को केवल शैक्षणिक परियोजनाओं तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें सफल स्टार्टअप और उद्यमों में बदलें। राज्य सरकार उन्हें हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।
सेमीकंडक्टर, एआई और डेटा सेंटर के साथ भविष्य की अर्थव्यवस्था में बढ़ रही छत्तीसगढ़ की भागीदारी
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब खनिज संपदा और पारंपरिक उद्योगों के साथ उभरती प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में भी अपनी नई पहचान बना रहा है। प्रदेश में सेमीकंडक्टर इकाइयों की स्थापना की दिशा में कार्य हो रहा है और एआई डेटा सेंटर पार्क विकसित किया जा रहा है। नवा रायपुर में आधुनिक अधोसंरचना, बेहतर कनेक्टिविटी और निवेश के अनुकूल वातावरण के माध्यम से भविष्य के उद्योगों के लिए मजबूत आधार तैयार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि एनआईटी रायपुर, आईआईटी भिलाई, आईआईएम रायपुर और आईआईआईटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थान प्रदेश की बड़ी ताकत हैं। इन संस्थानों की शैक्षणिक एवं अनुसंधान क्षमता को उद्योगों और उद्यमिता से जोड़कर छत्तीसगढ़ में विकास की नई संभावनाएं सृजित की जा सकती हैं।
स्टार्टअप और एआई मिशन से युवाओं को मिलेगी नई उड़ान
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं निपुण मिशन के लिए 500 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। इसके माध्यम से युवाओं को उद्यम स्थापित करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन, पूंजी और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। प्रदेश के सभी जिलों में उद्यमिता विकास केंद्र और नई प्रौद्योगिकी प्रयोगशालाएं स्थापित करने की पहल की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार के पांच मुख्यमंत्री मिशनों में शामिल मुख्यमंत्री एआई मिशन के अंतर्गत भी 500 करोड़ रुपए के निवेश का निर्णय लिया गया है। इसके माध्यम से 100 एआई डेटा लैब और पांच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि तकनीकी विकास के अवसर केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहने चाहिए। बस्तर और सरगुजा सहित प्रदेश के दूरस्थ एवं जनजातीय अंचलों के युवाओं तक भी आधुनिक शिक्षा, तकनीक और कौशल विकास की सुविधाएं पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से पैन आईआईटी जैसी संस्थाओं के सहयोग से कौशल विकास की पहल की गई है।
रोजगार मांगने वाले ही नहीं, रोजगार देने वाले बनें युवा
मुख्यमंत्री साय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज उनके सामने रामदेव अग्रवाल जैसे सफल उद्यमी का प्रेरणादायी उदाहरण है। उन्होंने अपनी मेहनत और प्रतिभा से सफलता प्राप्त की तथा अब समाज और मातृभूमि के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को बड़े सपने देखने चाहिए और उन्हें साकार करने के लिए निरंतर परिश्रम करना चाहिए। जब कोई युवा अपना उद्यम स्थापित करता है, तो वह केवल अपने भविष्य को नहीं संवारता, बल्कि अनेक परिवारों की आजीविका और समृद्धि का आधार भी बनता है। शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि अर्जित ज्ञान और कौशल से समाज के लिए उपयोगी समाधान विकसित करना भी है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि श्रीमती मिथिलेश अग्रवाल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ को नवाचार, अनुसंधान और उद्यमिता के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
सात अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं के साथ विकसित होगा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस
एनआईटी रायपुर परिसर में लगभग 6,525 वर्गमीटर भूखंड पर बनने वाले इस सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का कुल निर्मित क्षेत्रफल लगभग 12,307 वर्गमीटर होगा। बेसमेंट, भूतल और छह मंजिलों वाले इस भवन में उभरती प्रौद्योगिकियों की सात अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं स्थापित की जाएंगी।
इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं मशीन लर्निंग, रोबोटिक्स एवं ऑटोमेशन, डेटा एनालिटिक्स एवं कंप्यूटिंग, ब्लॉकचेन एवं साइबर सुरक्षा, थ्री-डी प्रिंटिंग एवं एडिटिव मैन्युफैक्चरिंग, एआर-वीआर एवं इंटरनेट ऑफ थिंग्स तथा क्लीनटेक एवं सस्टेनेबिलिटी की प्रयोगशालाएं शामिल होंगी।
केंद्र में स्टार्टअप इन्क्यूबेशन एवं को-वर्किंग स्पेस, स्मार्ट क्लासरूम, कॉन्फ्रेंस हॉल, प्रदर्शनी क्षेत्र, एम्फीथिएटर और आवासीय सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। यहां नवोदित उद्यमियों को विशेषज्ञों का मार्गदर्शन, प्रोटोटाइप विकसित करने की सुविधा तथा निवेशकों, बैंकों और शासकीय योजनाओं से जुड़ने के अवसर मिलेंगे। इंजीनियरिंग कॉलेजों, पॉलिटेक्निक संस्थानों और आईटीआई के विद्यार्थियों के साथ कार्यरत पेशेवर भी प्रशिक्षण एवं कौशल विकास की सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।
मुख्यमंत्री साय ने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए रामदेव अग्रवाल, मोतीलाल ओसवाल फाउंडेशन, एनआईटी रायपुर के अध्यक्ष डॉ. सुरेश हावरे, निदेशक डॉ. एन. वी. रमना राव और संस्थान की पूरी टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षा, तकनीक और उद्यमिता का यह संगम विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
