शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर युवक से मारपीट, घर में घुसकर भी किया हमला, आरोपी गिरफ्तार
पुरानी रंजिश और शराब के नशे में गाली-गलौज कर दी जान से मारने की धमकी, दो अलग-अलग मामलों में सीपत पुलिस ने दर्ज किया अपराध
बिलासपुर । शराब पीने के लिए पैसे मांगने और मना करने पर गाली-गलौज कर मारपीट करने के मामले में सीपत पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी पर गांव के ही दो युवकों के साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के साथ घर में तोड़फोड़ करने का भी आरोप है। पुलिस ने दोनों घटनाओं के संबंध में अलग-अलग अपराध दर्ज कर कार्रवाई की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम फरहदा निवासी विक्रम पटेल (35) ने थाना सीपत में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 11 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 2.40 बजे वह अपने मोटरसाइकिल गैरेज में काम कर रहा था। इसी दौरान गांव का ही बलराम यादव (39) अपने साले के साथ दुकान पहुंचा। बताया गया कि पुरानी रंजिश और शराब के नशे में आरोपी ने विक्रम से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। जब विक्रम ने पैसे देने से मना किया तो आरोपी और उसके साथ आए व्यक्ति ने कथित तौर पर मां-बहन की अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी तथा जान से मारने की धमकी देते हुए डंडे से मारपीट की।

पीड़ित अपनी जान बचाकर घर की ओर भागा, लेकिन आरोप है कि दोनों उसके पीछे-पीछे घर में घुस गए और वहां भी हाथ-मुक्के तथा डंडे से मारपीट की। मामले में विक्रम पटेल की रिपोर्ट पर थाना सीपत में अपराध क्रमांक 622/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
दूसरे युवक के घर में भी की तोड़फोड़
इसी दिन ग्राम फरहदा निवासी सुक्रेत पटेल (24) ने भी बलराम यादव और उसके साले के खिलाफ मारपीट एवं तोड़फोड़ की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, दोनों ने सुक्रेत के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्के तथा डंडे से मारपीट की। इतना ही नहीं, उसके घर में लगे एस्बेस्टस सीट को भी तोड़कर नुकसान पहुंचाया गया। इस मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 623/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
दो मामलों में नाम आने पर आरोपी गिरफ्तार
लगातार दो घटनाओं में आरोपी का नाम सामने आने और शिकायतों के आधार पर सीपत पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बलराम यादव पिता लुलु राम यादव, उम्र 39 वर्ष, निवासी ग्राम फरहदा को हिरासत में लिया। पूछताछ एवं वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद गांव में मारपीट और विवाद की घटनाओं को लेकर चर्चा है। एक ही दिन में दो अलग-अलग लोगों के साथ मारपीट और घर में तोड़फोड़ की शिकायतों पर पुलिस ने दोनों प्रकरणों में कार्रवाई की है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
