दिवाली पर रायपुर में वायु गुणवत्ता संतोषजनक, प्रदूषक स्तर में आई कमी
पिछले वर्ष की तुलना में PM10 में 2.25 और PM2.5 में 3.17 प्रतिशत की कमी दर्ज
तीन स्थलों पर वायु गुणवत्ता और ध्वनि स्तर की हुई निगरानी

रायपुर । सर्वोच्च न्यायालय और राष्ट्रीय हरित अधिकरण के निर्देशों के पालन में छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के क्षेत्रीय कार्यालय, रायपुर ने दिवाली पर्व पर शहर के तीन स्थलों पर परिवेशीय वायु गुणवत्ता और ध्वनि स्तर की निगरानी की। यह कार्य केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, नई दिल्ली के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया गया। क्षेत्रीय अधिकारी पर्यावरण संरक्षण मंडल से प्राप्त जानकारी के अनुसार निगरानी जिला अस्पताल, पंडरी, एम्स, जी.ई. रोड और सिटी कोतवाली में की गई।

जिला अस्पताल, पंडरी में PM10 का स्तर 80.15, PM2.5 का 45.99, SO₂ का 15.81 और NO₂ का 25.10 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर दर्ज हुआ। एम्स, जी.ई. रोड में ये स्तर क्रमशः 87.97, 48.41, 13.59 और 19.78 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर रहे। सिटी कोतवाली में PM10 का स्तर 86.15, PM2.5 का 50.21, SO₂ का 18.95 और NO₂ का 25.49 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर दर्ज किया गया। वर्ष 2025 की तुलना में इस दिवाली रायपुर में PM10 के स्तर में लगभग 2.25 प्रतिशत, PM2.5 में 3.17 प्रतिशत, SO₂ में 2 प्रतिशत और NO₂ में 1.99 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई।
मंडल के अनुसार, वायु गुणवत्ता सूचकांक की श्रेणियों के आधार पर रायपुर की वायु गुणवत्ता संतोषजनक रही। शहर में एम्स, भाटागांव न्यू बस स्टैंड और कृषक नगर में स्थापित सतत परिवेशीय वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों का AQI भी आज संतोषजनक स्तर पर दर्ज किया गया। वायु में भारी धातुओं के विश्लेषण के लिए नमूने NABL मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला भेजे गए हैं; इनके परिणाम आना शेष है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
