भनपुरी की गजराज पॉलीमर इंडस्ट्री में भीषण आग, रातभर मौके पर डटे रहे कलेक्टर और प्रशासनिक अधिकारी
दमकल की टीम ने रातभर चलाया आग बुझाने का अभियान, सुबह तक घटनास्थल पर मौजूद रहे कलेक्टर सहित वरिष्ठ अधिकारी
रायपुर । राजधानी रायपुर के भनपुरी स्थित गजराज पॉलीमर इंडस्ट्री में गुरुवार देर रात भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग की कई टीमों ने रातभर आग बुझाने के लिए मोर्चा संभाले रखा। वहीं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी पूरी रात घटनास्थल पर मौजूद रहकर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी करते रहे।

घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, डीआईजी होमगार्ड एवं एसडीआरएफ तथा निदेशक अग्निशमन सेवाएं अजातशत्रु बहादुर सिंह, नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा और डीसीपी नॉर्थ दीपमाला कश्यप तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके की स्थिति का जायजा लेते हुए आग पर जल्द से जल्द नियंत्रण पाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके अलावा अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर, एसडीएम नभसिंह कोसले और तहसीलदार राममूर्ति दीवान सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में दमकल कर्मियों ने आग बुझाने के लिए लगातार प्रयास किए। आग की भयावहता को देखते हुए अतिरिक्त संसाधनों और जरूरी व्यवस्थाओं को भी सुनिश्चित किया गया।
रातभर चला आग बुझाने का अभियान
गजराज पॉलीमर इंडस्ट्री में लगी भीषण आग पर काबू पाने के लिए दमकल कर्मियों को पूरी रात कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। कलेक्टर सहित सभी वरिष्ठ अधिकारी सुबह तक घटनास्थल पर डटे रहे और राहत एवं बचाव कार्य की लगातार निगरानी करते रहे। अधिकारियों ने आग पूरी तरह बुझने तक मौके पर मौजूद रहकर अभियान की मॉनिटरिंग की। आग पर नियंत्रण पाने के बाद ही अधिकारी घटनास्थल से रवाना हुए।
इस घटना के दौरान जिला प्रशासन, नगर निगम, पुलिस और अग्निशमन विभाग के बीच समन्वय के साथ पूरी रात अभियान संचालित किया गया। हालांकि आग लगने के कारणों और नुकसान का विस्तृत आकलन संबंधी जानकारी संशोधित प्रेस विज्ञप्ति में नहीं दी गई है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
