जनजातीय शौर्य, बलिदान और समृद्ध संस्कृति के गौरव का साक्षी बनेगा धमतरी का ग्राम दुगली
17 नवंबर को जनजाति गौरव दिवस पर होगा भव्य आयोजन, जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों और समाज प्रमुखों का होगा सम्मान
मंत्री टंक राम वर्मा होंगे मुख्य अतिथि, लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में दिखेगी जनजातीय परंपराओं की अनूठी झलक

रायपुर । जनजातीय समाज के अदम्य साहस, शौर्य, त्याग, बलिदान और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देने के उद्देश्य से धमतरी जिले के नगरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम दुगली में 17 नवंबर को जनजाति गौरव दिवस का गरिमामय आयोजन किया जाएगा। दोपहर 12 बजे से प्रारंभ होने वाले इस समारोह में प्रदेश के राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आयोजन में जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में उसके अविस्मरणीय योगदान और विशिष्ट सांस्कृतिक परंपराओं को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा। जनजाति गौरव दिवस के अवसर पर देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही जनजातीय समाज के प्रमुखों का सम्मान कर सामाजिक एकता, सांस्कृतिक संरक्षण और समाज के उत्थान में उनके योगदान को रेखांकित किया जाएगा। यह अवसर नई पीढ़ी को जनजातीय महापुरुषों के संघर्ष, स्वाभिमान और राष्ट्रप्रेम की प्रेरणादायी गाथाओं से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। पारंपरिक लोकनृत्यों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से जीवंत होगी जनजातीय विरासत समारोह में जनजातीय लोककला, पारंपरिक लोकनृत्य और विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से जनजातीय समाज की विशिष्ट जीवनशैली, लोकपरंपराओं, सांस्कृतिक विविधता और प्रकृति के साथ उसके गहरे जुड़ाव की झलक देखने को मिलेगी। आयोजन जनजातीय संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के साथ नई पीढ़ी को अपनी गौरवशाली विरासत से जोड़ने का अवसर भी प्रदान करेगा।

विभागीय प्रदर्शनी में मिलेगी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा प्रदर्शनी एवं जानकारीपरक स्टॉल लगाए जाएंगे। इनके माध्यम से नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों से अवगत कराया जाएगा। साथ ही पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित करने तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण से संबंधित योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। जनजाति गौरव दिवस का यह आयोजन जनजातीय समाज के ऐतिहासिक योगदान को सम्मान देने के साथ उसकी सांस्कृतिक अस्मिता, परंपराओं और गौरवशाली पहचान को सहेजने का महत्वपूर्ण अवसर होगा। इसके माध्यम से जनजातीय समाज के सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक उत्थान के प्रति शासन की प्रतिबद्धता भी रेखांकित होगी। जिला प्रशासन द्वारा समारोह के सुव्यवस्थित आयोजन के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों, जनजातीय समाज के पदाधिकारियों, समाज प्रमुखों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों, गणमान्य नागरिकों एवं आमजन से 17 नवंबर को दोपहर 12 बजे ग्राम दुगली में आयोजित समारोह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर जनजातीय वीरों के शौर्य और बलिदान को नमन करने तथा आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
