कृषक उन्नति योजना से किसानों को मिल रहा आर्थिक संबल, किसान ओमप्रकाश शहारे ने मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार
तुहर टोकन ऐप से घर बैठे धान विक्रय के लिए टोकन प्राप्त करने की सुविधा से किसानों को मिल रही राहत
रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा किसानों के हित में लिए जा रहे निर्णयों और संचालित की जा रही किसान हितैषी योजनाओं से किसानों को आर्थिक संबल मिल रहा है। शासन द्वारा धान खरीदी की बेहतर व्यवस्था और किसानों की सुविधा के लिए किए जा रहे प्रयासों से किसानों में उत्साह का माहौल है। इसी कड़ी में मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के ग्राम बंजारी निवासी किसान ओमप्रकाश शहारे ने कृषक उन्नति योजना से मिलने वाले लाभ और धान खरीदी की सुविधाओं पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया है।
किसान ओमप्रकाश शहारे ने बताया कि कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा उन्हें कृषक उन्नति योजना के प्रावधानों एवं लाभों की जानकारी दी गई है। योजना के तहत पात्र किसानों को प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान के मान से लाभ दिए जाने का प्रावधान है। उन्होंने बताया कि योजना के निर्धारित प्रावधानों के अनुसार वास्तविक धान उत्पादन कम होने की स्थिति में भी पात्र किसानों को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप लाभ मिल सकेगा। उन्हें इस संबंध में प्रति एकड़ 13,849 रुपए की राशि मिलने की जानकारी दी गई है। इससे कम उत्पादन वाले किसानों को भी आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने बताया कि धान खरीदी प्रक्रिया को सरल और सुविधाजनक बनाने के लिए शासन द्वारा तुहर टोकन ऐप की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इस ऐप के माध्यम से किसान घर बैठे ही अपने धान विक्रय के लिए टोकन प्राप्त कर सकते हैं। इससे टोकन कटवाने के लिए बार-बार धान खरीदी केंद्रों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं होगी। साथ ही किसानों के समय और श्रम की बचत होगी तथा धान विक्रय की प्रक्रिया भी अधिक सुविधाजनक बनेगी।
शहारे ने कहा कि शासन की किसान हितैषी योजनाओं और सुविधाओं से किसानों को लगातार राहत मिल रही है। कृषक उन्नति योजना के माध्यम से आर्थिक सहायता तथा तुहर टोकन ऐप जैसी डिजिटल सुविधाएं किसानों के लिए काफी उपयोगी साबित हो रही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने, उनकी मेहनत का सम्मान करने और कृषि कार्य को सुविधाजनक बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास कर रही है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

