26 नवंबर को नवीन शासकीय कन्या महाविद्यालय में होगा भव्य संविधान दिवस समारोह
उप मुख्यमंत्री अरुण साव होंगे मुख्य अतिथि, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू एवं विधायक पुन्नूलाल मोहले सहित जनप्रतिनिधियों की रहेगी उपस्थिति
मुंगेली। संविधान के मूल्यों, लोकतांत्रिक चेतना, सामाजिक न्याय एवं नागरिक अधिकारों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से संविधानोत्सव समिति मुंगेली द्वारा 26 नवंबर 2026 को भव्य संविधान दिवस समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम मुंगेली कलेक्ट्रेट परिसर के सामने स्थित नवीन शासकीय कन्या महाविद्यालय, करही में आयोजित होगा। समारोह में प्रदेश एवं केंद्र के जनप्रतिनिधियों सहित विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रहेगी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के उप मुख्यमंत्री अरुण साव शामिल होंगे। वहीं अति विशिष्ट अतिथि के रूप में भारत सरकार के केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले करेंगे। इसके अलावा अन्य जनप्रतिनिधियों एवं नेताओं की उपस्थिति में समारोह संपन्न होगा।
प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिया जा रहा आमंत्रण
आयोजन को सफल एवं गरिमामय बनाने के लिए संविधानोत्सव समिति द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। समिति की ओर से जिला कलेक्टर सहित समस्त प्रशासनिक विभागों, विशेषकर शिक्षा, स्वास्थ्य, वित्त एवं अन्य विभागों के अधिकारियों तथा कर्मचारियों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है। समिति का प्रयास है कि संविधान दिवस का यह आयोजन व्यापक जनभागीदारी के साथ संपन्न हो।
संविधान के मूल आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना उद्देश्य
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि आयोजन का प्रमुख उद्देश्य भारतीय संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुता के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाना है। इसके साथ ही नागरिकों को उनके संवैधानिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना भी कार्यक्रम का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
उन्होंने कहा कि संविधान केवल एक पुस्तक नहीं, बल्कि समानता, सम्मान, अधिकार और सामाजिक परिवर्तन का सबसे मजबूत आधार है। संविधान के मूल सिद्धांतों को आत्मसात कर ही एक सशक्त, समतामूलक एवं लोकतांत्रिक समाज का निर्माण किया जा सकता है।
तैयारियों में जुटे समिति के पदाधिकारी
समारोह की तैयारियों में समिति के अध्यक्ष राम डिंडोरे गुरुजी, संचालक लक्ष्मीकांत जडेजा, संयोजक मेघनाथ कोशरिया, कार्यकारी अध्यक्ष नो नवरंग, कोषाध्यक्ष सूर्यकांत गोयल एवं कोर मेंबर शैलेश कुमार सहित समिति के समस्त सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।
समिति ने जिलेवासियों से की सहभागिता की अपील
संविधानोत्सव समिति ने मुंगेली जिले के समस्त नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षाविदों एवं युवाओं से 26 नवंबर को नवीन शासकीय कन्या महाविद्यालय, करही में आयोजित संविधान दिवस समारोह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। समिति ने कहा कि संविधान के प्रति जागरूकता, उसके आदर्शों का सम्मान और संवैधानिक कर्तव्यों का पालन प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

