नर्सिंग की रिक्त सीटों के लिए दूसरे और तीसरे चरण की संयुक्त काउंसिलिंग
20 नवंबर से 22 नवंबर दोपहर 2 बजे तक आवेदन
नया पंजीयन कर सकेंगे अभ्यर्थी, सभी पात्र अभ्यर्थियों को दोबारा विकल्प भरकर लॉक करना अनिवार्य
रायपुर । छत्तीसगढ़ में नर्सिंग पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटों पर प्रवेश हेतु दूसरे और तीसरे (मॉप-अप राउन्ड) चरण की काउंसिलिंग संयुक्त रूप से आयोजित की जा रही है। राज्य काउंसिलिंग समिति, संचालनालय चिकित्सा शिक्षा के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन की अवधि 20 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे से 22 नवंबर 2026 को दोपहर 2 बजे तक रहेगी। संयुक्त काउंसिलिंग में बीएससी नर्सिंग, एमएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग और पोस्ट बेसिक डिप्लोमा इन साइकियाट्रिक नर्सिंग पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटें शामिल हैं। इस चरण के लिए नया ऑनलाइन पंजीयन किया जा सकेगा। पहले से पंजीकृत पात्र अभ्यर्थी भी संस्था और विषय का दोबारा चयन कर सकेंगे। संयुक्त काउंसिलिंग में भाग लेने वाले सभी पात्र अभ्यर्थियों को अपने विकल्प दोबारा भरकर लॉक करना अनिवार्य होगा। पहले चरण में प्रवेश ले चुके पात्र अभ्यर्थियों को नियमानुसार सीट उन्नयन का विकल्प भी मिलेगा। बीएससी नर्सिंग की प्रवेश परीक्षा में 10 पर्सेंटाइल तक अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी भी पंजीयन और संस्था का चयन कर सकेंगे। यह प्रावधान केवल बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रम के लिए लागू होगा। संयुक्त चरण में शेष रिक्त सीटों के संवर्ग, श्रेणी और नियतांश में परिवर्तन छत्तीसगढ़ नर्सिंग पाठ्यक्रम प्रवेश नियम, 2026 के नियम 10 और 11 के अनुसार किया जाएगा। समिति ने अभ्यर्थियों से काउंसिलिंग, सीट आवंटन और प्रवेश संबंधी आगामी जानकारी के लिए संचालनालय चिकित्सा शिक्षा की आधिकारिक वेबसाइट www.cgdme.in नियमित रूप से देखने को कहा है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

