शिव टेकारी में नवीन धान खरीदी महाअभियान का शुभारंभ, पहले दिन 22 क्विंटल धान की हुई खरीदी
रिपोर्टर ✒️ रूपचंद राय
चिस्दा, भिलौनी और शिव टेकारी के किसानों को मिलेगी सुविधा, खरीदी केंद्र की व्यवस्थाओं का जनप्रतिनिधियों ने लिया जायजा
मस्तूरी/बिलासपुर। मस्तूरी जनपद क्षेत्र के ग्राम पंचायत शिव टेकारी में नवीन सेवा सहकारी समिति मर्यादित, पंजीयन क्रमांक 809 के अंतर्गत नवीन धान खरीदी केंद्र का शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। इस केंद्र के शुरू होने से चिस्दा, भिलौनी और शिव टेकारी सहित आसपास के गांवों के किसानों को धान बेचने में सुविधा मिलेगी। शुभारंभ अवसर पर किसानों का स्वागत कर खरीदी प्रक्रिया की शुरुआत की गई।
कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री एस. कुमार मनहर और जिला मंत्री राजकुमार साहू विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने अन्नपूर्णा देवी के समक्ष पुष्प अर्पित कर एवं नारियल भेंट कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन की विधिवत पूजा कर धान खरीदी का शुभारंभ किया गया।
पहले दिन किसान त्रिलोचन पोर्ते ने बेचा 22 क्विंटल धान
नवीन धान खरीदी केंद्र में पहले दिन किसान त्रिलोचन पोर्ते का 22 क्विंटल धान इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन से तौल कराया गया। भाजपा जिला महामंत्री एस. कुमार मनहर ने अपनी मौजूदगी में तौल प्रक्रिया का जायजा लिया और केंद्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। खरीदी व्यवस्था देखकर किसान संतुष्ट नजर आए। स्थानीय स्तर पर केंद्र शुरू होने से किसानों को दूर स्थित खरीदी केंद्रों तक जाने की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में किसानों के हित में पहल
इस अवसर पर जिला महामंत्री एस. कुमार मनहर ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार अन्नदाताओं की मेहनत और उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में धान खरीदी महाअभियान किसानों के लिए महत्वपूर्ण पहल है। शिव टेकारी में नवीन धान खरीदी केंद्र की शुरुआत से क्षेत्र के किसानों को बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि खरीदी केंद्र में पारदर्शिता और सुव्यवस्थित व्यवस्था के साथ किसानों की उपज की तौल की जानी चाहिए।
कृषक उन्नति योजना के तहत सहायता का प्रावधान
मनहर ने कृषक उन्नति योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि सरकार ने सहायता राशि को बेचे गए धान की मात्रा के बजाय खेती के रकबे से जोड़ने का निर्णय लिया है। इसके तहत यदि किसी किसान की फसल मौसम या अन्य कारणों से कम होती है और वह प्रति एकड़ निर्धारित 21 क्विंटल की सीमा से कम धान बेचता है, तब भी उसे प्रति एकड़ 13,839 रुपये की सहायता दिए जाने का प्रावधान बताया गया है।
जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की रही उपस्थिति
शुभारंभ कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री एस. कुमार मनहर, जिला मंत्री राजकुमार साहू, लोहरसी मंडल महामंत्री रामनिवास साहू, प्राधिकृत अध्यक्ष चंदराम मरावी, प्राधिकृत अध्यक्ष जोंधरा दिलहरण प्रजापति, ऑपरेटर घनश्याम कुंभकार, पर्यवेक्षक ज्ञान प्रसाद करियारे, जोधरा प्रबंधक मोहन लाल पटेल, कुकुरदीकला प्रबंधक प्रीतम पटेल, सेल्समैन ममता साहू, नीलम थवाईत, वरदान प्रभारी सरपंच श्रीमती शिवकुमारी लहरी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, किसान एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
नवीन धान खरीदी केंद्र के प्रारंभ होने से क्षेत्र के किसानों में उत्साह देखा गया। किसानों ने उम्मीद जताई कि स्थानीय स्तर पर खरीदी सुविधा मिलने से समय और परिवहन खर्च की बचत होगी तथा धान बेचने की प्रक्रिया पहले से अधिक सुगम बनेगी।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

