मुंगेली में भव्य आतिशबाजी के साथ मना 77वां संविधान दिवस, संविधानोत्सव समिति के आयोजन की प्रदेशभर में चर्चा
कलेक्ट्रेट के सामने हजारों लोगों की सहभागिता, डॉ. आंबेडकर प्रतिमा स्थल पर वृक्षारोपण, रक्तदान और भव्य आतिशबाजी ने बनाया आयोजन को यादगार
राम डिंडोरे गुरुजी के नेतृत्व में सभी वर्गों और धर्मों की सहभागिता से सामाजिक समरसता का दिया संदेश, संविधान के मूल्यों और अधिकारों पर हुआ विचार-मंथन
मुंगेली । संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक समरसता के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से संविधानोत्सव समिति मुंगेली के तत्वावधान में 26 नवंबर को 77वां संविधान दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कलेक्ट्रेट परिसर के सामने आयोजित इस भव्य समारोह में विभिन्न वर्गों, धर्मों, सामाजिक संगठनों और समुदायों के लोगों ने एकजुट होकर भागीदारी निभाई। कार्यक्रम में संविधान, सामाजिक न्याय, समानता, लोकतांत्रिक व्यवस्था तथा वंचित वर्गों के संवैधानिक अधिकारों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
संविधानोत्सव समिति के अध्यक्ष राम डिंडोरे गुरुजी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में सामाजिक एकता और समरसता की अनूठी तस्वीर देखने को मिली। कार्यक्रम के दौरान डॉ. भीमराव आंबेडकर की आदमकद प्रतिमा स्थल पर वृक्षारोपण, रक्तदान कार्यक्रम तथा भव्य आतिशबाजी का आयोजन किया गया। फ्लेम फॉग और कंफेटी मशीन के आकर्षक प्रदर्शन ने समारोह की भव्यता बढ़ा दी। आतिशबाजी देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे। आयोजन की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर भी साझा किए गए, जहां लोगों ने इसकी भव्यता की सराहना की।
संविधान केवल दस्तावेज नहीं, लोकतंत्र की आधारशिला : विनोद कुमार कोशले
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता विनोद कुमार कोशले ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता पर आधारित लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। संविधान निर्माण में डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की ऐतिहासिक भूमिका का उल्लेख करते हुए उन्होंने संविधान सभा के सभी सदस्यों के योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि संविधान का वास्तविक सम्मान तभी होगा, जब इसके प्रावधानों का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
संवैधानिक अधिकारों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर
सह वक्ता सपना (अंबिकापुर) ने अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़े वर्गों एवं महिलाओं के संवैधानिक अधिकारों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। उन्होंने छत्तीसगढ़ में पदोन्नति में आरक्षण लागू करने की आवश्यकता बताते हुए संविधान के अनुच्छेद 16(4)(क) एवं 335 के अनुरूप आवश्यक पहल करने की मांग रखी।
सह वक्ता लक्ष्मीनारायण कुंभकार (दुर्ग) ने कहा कि संविधान बचाओ और लोकतंत्र बचाओ का नारा तभी सार्थक होगा, जब संवैधानिक अधिकारों को वास्तविक रूप से लागू किया जाए। शिक्षा, रोजगार, सम्मान, समान अवसर और निर्णय प्रक्रिया में वंचित वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करना सामाजिक न्याय की अनिवार्य शर्त है।
वहीं सह वक्ता माधुरी सिंह (अंबिकापुर) ने 25 नवंबर 1949 को संविधान सभा में डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर द्वारा दिए गए ऐतिहासिक भाषण का अध्ययन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संविधान की प्रस्तावना का पाठ करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसके आदर्शों को सामाजिक और प्रशासनिक व्यवस्था में उतारना भी जरूरी है।
भव्य आतिशबाजी और आकर्षक रोशनी बनी आकर्षण का केंद्र
संविधान दिवस समारोह का विशेष आकर्षण कलेक्ट्रेट परिसर स्थित भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की आदमकद प्रतिमा स्थल पर आयोजित भव्य आतिशबाजी रही। फ्लेम फॉग और कंफेटी मशीन के प्रदर्शन ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया। मुंगेली में इस तरह के भव्य आयोजन को लेकर युवाओं में विशेष उत्साह देखा गया। कार्यक्रम की तस्वीरें और वीडियो इंस्टाग्राम, फेसबुक एवं अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किए गए।
समारोह में बाहर से पहुंचे अतिथियों और आगंतुकों के लिए भोजन की समुचित व्यवस्था भी की गई थी। वृक्षारोपण, रक्तदान और सामूहिक सहभागिता के माध्यम से संविधान के आदर्शों के साथ सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।
सभी वर्गों की सहभागिता बनी सामाजिक समरसता की मिसाल
कार्यक्रम में श्याम टंडन, प्रदेश अध्यक्ष बहुजन समाज पार्टी, श्रीकांत पांडे, जिला पंचायत अध्यक्ष देवचरण भास्कर के प्रतिनिधि उपाध्यक्ष रोहित शुक्ला, हेमचंद मिरी, मानिक सोनवानी, नितेश भारद्वाज, लक्ष्मीकांत भास्कर, शिवकुमार बंजारे, विकास खांडेकर, विजय बंजारे, प्रमोद सोनवानी, भुवन आगरे, परमेश्वर मीरी, पुरुषोत्तम चंद्राकर, मिलाऊं यादव, कुमार राज कश्यप, सुक्खूलाल साहू, विष्णु खांडेकर, अनिल प्रबल, भागीरथी खांडे, फूलसिंह महिलांग, प्रीतम घृतलहरे, एम. जनार्दन, एम.एल. टंडन, मोनेश साहू, विमित्रा घृतलहरे, बी.ई.ओ. एच.आर. भास्कर, फनेद रॉय, कोहली, सूर्यकांत उपाध्याय, बीआरसी, राजेंद्र ठाकुर, दीपक साहू, लक्ष्मीकांत जडेजा, राम डिंडोरे गुरुजी, मेघनाथ कोसरिया, नोबिल नवरंग, जितेंद्र दिवाकर, कुलदीप जांगड़े, प्रेमचंद कुर्रे, राजा लहरे, समीर जांगड़े, शैलेश कुर्रे, रूपेंद्र जोल्हे, प्रवीण कोशले, शिव कौशिक, जितेंद्र गेंदले, परमेश्वर राय, अश्वनी साहू, दिलीप पात्रे, तरुण रामपुरिक, डी.पी. पात्रे, लखन कुर्रे, मनीराम गाहिरे, कोमल खन्ना, सूर्यकांत गोयल, भूपेंद्र बांधी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
महिलाओं की ओर से नारायणी कश्यप, रंजना सिंह, प्रीति खालसा, शमीम बानो, सुभाषिनी मनहर, मनीषा दिवाकर, सीता साहू, ममता दर्शन, राधिका सोनी एवं विद्यावती मनहरे सहित अनेक महिलाओं ने सहभागिता निभाई।
संविधान की मूल भावना को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों ने संविधान की मूल भावना को मजबूत करने, सामाजिक न्याय स्थापित करने, संवैधानिक अधिकारों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने तथा डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
संविधानोत्सव समिति मुंगेली के अध्यक्ष राम डिंडोरे गुरुजी के नेतृत्व में आयोजित यह समारोह विभिन्न वर्गों और धर्मों के लोगों को एक मंच पर लाने का उदाहरण बना। आयोजन ने यह संदेश दिया कि सामाजिक समरसता ही भारत की सबसे बड़ी ताकत है और भारतीय संविधान देश के प्रत्येक नागरिक को एकता, समानता और भाईचारे के सूत्र में बांधता है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

