बिलासपुर में अवैध खनिज कारोबार पर प्रशासन का शिकंजा, एक सप्ताह में 10 वाहन जब्त

0
Screenshot_20261129_081127

6 हाइवा और 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली पर कार्रवाई, रेत एवं गिट्टी के अवैध उत्खनन और परिवहन में थे संलिप्त

रिपोर्टर ✒️ रूपचंद राय

बिलासपुर। जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने एक सप्ताह के भीतर विभिन्न क्षेत्रों में औचक जांच अभियान चलाकर रेत और गिट्टी के अवैध कारोबार में संलिप्त 10 वाहनों को जब्त किया है। जब्त वाहनों में 6 हाइवा और 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली शामिल हैं।

उप संचालक खनिज के मार्गदर्शन में विभागीय अमले ने कोनी, सेंदरी, कछार, निरतु, रतनपुर, पचपेड़ी, लावर, मस्तूरी एवं घुटकु क्षेत्रों में सघन जांच की। इस दौरान 20 नवंबर को कोनी क्षेत्र में रेत का अवैध परिवहन करते एक हाइवा पकड़ा गया। वहीं 24 नवंबर को रतनपुर क्षेत्र में रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की गई।

इसी क्रम में 25 नवंबर को पचपेड़ी क्षेत्र में गिट्टी का अवैध परिवहन करते दो हाइवा तथा रेत का परिवहन करते एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पर कार्रवाई की गई। 27 नवंबर को पचपेड़ी क्षेत्र में रेत का अवैध परिवहन करते दो हाइवा और लावर क्षेत्र में गिट्टी का अवैध परिवहन करते एक हाइवा को जब्त किया गया। वहीं 28 नवंबर को घुटकु क्षेत्र में रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन में लगे दो ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़े गए।

पुलिस थानों और जांच चौकी की अभिरक्षा में वाहन

खनिज विभाग ने सभी जब्त वाहनों को खनिज नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना कोनी, रतनपुर, पचपेड़ी एवं खनिज जांच चौकी लावर की अभिरक्षा में रखा है।

जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। इसके लिए पुलिस, राजस्व और खनिज विभाग की संयुक्त निगरानी में विभिन्न क्षेत्रों में जांच एवं कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!