सुदूर वनांचल में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की चौपाल

0

रिपोर्टर ✒️ कमलेश सिंह

IMG-20260203-WA0912.jpg

ग्रामीणों से सीधा संवाद, 56 लाख से अधिक के विकास कार्यों को मिली मंजूरी

कवर्धा | जिले के अंतिम छोर के सुदूर वनांचल क्षेत्रों में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। बैगा बाहुल्य ग्राम आमानारा, लरबक्की और कुकरापानी पहुंचकर उन्होंने जमीन पर बैठकर लोगों की समस्याएं सुनीं और मांगों के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की मांग पर 56 लाख रुपये से अधिक के विकास कार्यों की मौके पर ही स्वीकृति दी।

उप मुख्यमंत्री ने आमानारा में आयोजित चौपाल के दौरान कहा कि बीते दो वर्षों में शासन द्वारा सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। पीएम जनमन योजना के तहत बैगा बाहुल्य ग्राम आमानारा, लरबक्की और कुकरापानी में बड़ी संख्या में आवास स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने बताया कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रतिमाह 1000 रुपये की सहायता दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि गांवों में ही बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पंचायतों में अटल डिजिटल सुविधा केंद्र खोले जा रहे हैं, जिससे वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन और छात्रवृत्ति की राशि का आहरण स्थानीय स्तर पर संभव होगा। शिक्षा के क्षेत्र में सुधार के लिए स्कूलों में स्मार्ट क्लास की व्यवस्था की जा रही है। लरबक्की स्कूल में भी स्मार्ट क्लास प्रारंभ की गई है, जिससे विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा का लाभ मिलेगा।

उप मुख्यमंत्री ने पीएम जनमन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि विशेष पिछड़ी जनजातियों के समग्र विकास के लिए यह योजना महत्वपूर्ण है। इसके अंतर्गत बसाहटों तक पक्की सड़कों की कनेक्टिविटी सुनिश्चित की जा रही है। कबीरधाम जिले के बैगा बाहुल्य क्षेत्रों में सड़क निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है।

ग्रामीणों की मांगों पर त्वरित निर्णय

चौपाल के दौरान ग्रामीणों की कई मांगों को मौके पर ही स्वीकृति दी गई। आमानारा में 10 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण, बरपानी में आंगनबाड़ी भवन निर्माण और चरणतीरथ में मंदिर सौंदर्यीकरण की घोषणा की गई। गाड़ाघाट, झूरगीदादर, आमानारा और बरपानी में हैंडपंप स्थापना के निर्देश दिए गए।

ग्राम लरबक्की में 20 लाख रुपये की लागत से नवीन पंचायत भवन, 6 लाख रुपये की लागत से सांस्कृतिक मंच तथा बदनापानी में 5 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण की स्वीकृति दी गई। ग्राम कुकरापानी में 5.20 लाख रुपये की लागत से वार्ड क्रमांक 7 और 8 में सीसी रोड, वार्ड क्रमांक 4 में हैंडपंप और वार्ड क्रमांक 8 में सोलर पंप लगाने की घोषणा की गई। इसके अलावा ग्राम कोटनापानी और जामपानी में 5-5 लाख रुपये की लागत से सांस्कृतिक मंच निर्माण की मंजूरी दी गई।

इस अवसर पर विदेशीराम धुर्वे, रामकिंकर वर्मा, विजय पाटिल, नंद श्रीवास, नितेश अग्रवाल, बिहारी धुर्वे, रूपसिंह धुर्वे, नरेश चंद्रवंशी, हेमचंद चंद्रवंशी, मोहन धुर्वे, राजेंद्र कुंजाम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!