समय-सीमा बैठक में कलेक्टर गोपाल वर्मा सख्त
रिपोर्टर ✒️ कमलेश सिंह


विकास कार्यों में तेजी, गुणवत्ता और समन्वय पर दिया जोर
कवर्धा | जिले में विकास कार्यों को गति देने और शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से कलेक्टर गोपाल वर्मा ने समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागों के कार्यों की गहन समीक्षा की। बैठक में पीएम आवास योजना, जनमन योजना, पीएम सूर्य घर योजना, जल जीवन मिशन, भू-अर्जन प्रकरण, आकांक्षी विकासखंड बोड़ला सहित आधारभूत संरचना से जुड़ी योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा में योजनाओं को पूर्ण करें।


बैठक में अपर कलेक्टर विनय पोयाम, नरेन्द्र पैकरा, डिप्टी कलेक्टर आरबी देवांगन सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

आठ गांवों में विद्युत उपकेंद्र स्थापना की समीक्षा
कलेक्टर ने पीएम सूर्य घर योजना को जनहितकारी बताते हुए इसकी प्रगति में तेजी लाने के निर्देश विद्युत विभाग को दिए। साथ ही मुख्यमंत्री आदर्श संरचना विकास योजना के अंतर्गत जिले में प्रस्तावित विद्युत उपकेंद्रों की स्थापना की प्रगति की समीक्षा की गई। जिले के सोमो, दुबह, कोयलारीडीह, सरेखा, नया बस स्टैंड कवर्धा, दलदली, पौनी एवं भूवालपुर में विद्युत उपकेंद्र स्थापना को स्वीकृति मिली है। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि यदि कहीं कोई बाधा आ रही हो तो उसका तत्काल निराकरण कर कार्य में तेजी लाई जाए।
भू-अर्जन मामलों के शीघ्र निराकरण के निर्देश
कलेक्टर वर्मा ने जिले में लंबित भू-अर्जन प्रकरणों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में भू-अर्जन बड़ी बाधा बनता है, इसलिए सभी मामलों को प्राथमिकता से निपटाया जाए।
गौ-धाम शुभारंभ और आकांक्षी विकासखंड की समीक्षा
बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में शीघ्र ही गौ-धाम का शुभारंभ किया जाएगा। इसके लिए पशुपालन विभाग को आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने आकांक्षी विकासखंड बोड़ला के अंतर्गत संचालित संपूर्णता अभियान की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों द्वारा आयोजित कार्यक्रमों को तय समय पर पूर्ण किया जाए और गुणवत्ता में कोई समझौता न हो, ताकि आम नागरिकों को योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके।
9 से 18 फरवरी तक वजन त्यौहार
जिले में 0 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के पोषण स्तर की जांच और कुपोषण की पहचान के लिए 9 से 18 फरवरी तक वजन त्यौहार आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग को स्वास्थ्य और पंचायत विभाग के साथ समन्वय कर कार्यक्रम को सफल बनाने के निर्देश दिए।
10 फरवरी को मुख्यमंत्री कन्या विवाह
कलेक्टर ने बताया कि 10 फरवरी को सरदार पटेल मैदान में मुख्यमंत्री कन्या विवाह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों को कार्यक्रम की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में यह भी बताया गया कि आंगनबाड़ी केंद्रों में अब न्योता भोज की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है, जिससे बच्चों के लिए सामूहिक भोज का आयोजन किया जा सकेगा।
जनमन योजना के कार्यों में लापरवाही नहीं चलेगी
कलेक्टर गोपाल वर्मा ने जनमन योजना के अंतर्गत स्वीकृत आवास निर्माण, आंगनबाड़ी भवन, छात्रावास, सड़क निर्माण और बिजली व्यवस्था से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि योजना के अंतर्गत कोई भी स्वीकृत कार्य अप्रारंभित न रहे। सभी कार्य समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं और नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से प्रगति सुनिश्चित की जाए।

The News Related To The News Engaged In The https://apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.



