फाइलेरिया उन्मूलन को रायगढ़ से नई रफ्तार

0
IMG-20260210-WA0593.jpg

रिपोर्टर ✒️वैभव डियोडिया

जनपद अध्यक्ष व सरपंच की मौजूदगी में लोइंग में एमडीए अभियान का शुभारंभ

रायगढ़/लोइंग। जिले को फाइलेरिया मुक्त बनाने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग ने कदम तेज कर दिए हैं। कलेक्टर रायगढ़ के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देशन में मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोइंग में राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत सामूहिक दवा सेवन (एमडीए) अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं जनपद पंचायत अध्यक्ष सुजाता शुकलाल चौहान ने नागरिकों से अपील की कि सरकार द्वारा साल में एक बार दी जाने वाली फाइलेरिया रोधी दवा पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि यह दवा घर-घर निःशुल्क दी जाती है, इसलिए सभी लोग स्वयं व अपने परिवार की सुरक्षा के लिए इसका सेवन जरूर करें।

सरपंच ने की जनभागीदारी की अपील

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि लोइंग सरपंच मीनाक्षी गुप्ता ने कहा कि दवा देने आने वाले स्वास्थ्य कर्मियों के सामने ही दवा खाएं। जनभागीदारी से ही गांव और क्षेत्र को फाइलेरिया मुक्त बनाया जा सकता है।

2030 तक फाइलेरिया उन्मूलन का लक्ष्य

कार्यक्रम के दौरान कविता कसेरा ने जानकारी दी कि फाइलेरिया मादा क्यूलेक्स मच्छर के काटने से फैलता है, जो रुके हुए पानी में पनपता है। यह बीमारी हाथीपांव और हाइड्रोसील जैसी गंभीर समस्याओं का कारण बनती है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2030 तक फाइलेरिया उन्मूलन का लक्ष्य तय किया गया है, जिसे सभी के सहयोग से ही पूरा किया जा सकता है।

दवा सेवन को लेकर जरूरी निर्देश

बीएमओ डॉ. जायसवाल ने बताया कि डीईसी की गोली खाली पेट न लें, जबकि एलबेंडाजोल को चबाकर खाना जरूरी है। दवा सेवन के बाद हल्का सिरदर्द या खुजली होना सामान्य प्रतिक्रिया है। गर्भवती महिलाओं एवं गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को यह दवा नहीं दी जाती।

स्वास्थ्य अमले की रही सक्रिय भूमिका

इस अवसर पर डब्ल्यूएचओ मॉनिटर विजय कुर्रे, डॉ. मनोज पटेल, डॉ. संयोगिता भगत, बीपीएम वैभव डियोडिया, बीएएम पवन प्रधान, बीडीएम योगेश यादव सहित समस्त स्वास्थ्य स्टाफ मौजूद रहा। अभियान के तहत घर-घर जाकर दवा पिलाने की कार्यवाही जारी है, ताकि जिले को फाइलेरिया मुक्त बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!