टीम प्रहरी अभियान के तहत लालपुर में 20 हजार वर्गफीट शासकीय भूमि से अवैध निर्माण ध्वस्त
रायपुर। टीम प्रहरी अभियान के अंतर्गत रायपुर नगर निगम जोन-10 क्षेत्र के लालपुर में शासकीय कोटवारी भूमि पर किए गए अवैध निर्माण को हटाने की बड़ी कार्रवाई पूरी कर ली गई है। यह अभियान लगातार तीन दिन तक चला, जिसमें लगभग 20 हजार वर्गफीट शासकीय भूमि पर किए गए अवैध निर्माण का लगभग 100 प्रतिशत हिस्सा ध्वस्त कर दिया गया।
रायपुर जिला प्रशासन के निर्देश पर नगर निगम प्रशासन द्वारा यह अतिक्रमणरोधी अभियान चलाया गया। महापौर मीनल चौबे, पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला एवं कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के आदेशानुसार तथा नगर निगम आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई।
एसडीएम नंद कुमार चौबे के मार्गदर्शन में नगर निगम जोन-10 के जोन कमिश्नर विवेकानंद दुबे, नायब तहसीलदार ज्योति सिंह, सहायक अभियंता सुशील अहीर, उप अभियंता आशीष शर्मा, अजय श्रीवास्तव सहित नगर निगम मुख्यालय, नगर निवेश उड़नदस्ता, जोन-10 नगर निवेश विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस बल की संयुक्त टीम मौके पर मौजूद रही।
कार्रवाई के दौरान तहसील एवं राजस्व विभाग के सीमांकन के बाद 6 जेसीबी, 2 पोकलेन मशीन, 10 डंपर और बड़ी संख्या में मजदूरों की मदद से लगभग 10 बड़ी दुकानों एवं करीब 30 बड़े कमरों के नियमविरुद्ध किए गए निर्माण को पूरी तरह तोड़ा गया। तीसरे दिन भी अभियान लगातार जारी रहा और अवैध निर्माण का शत-प्रतिशत हिस्सा हटाया गया।
महापौर मीनल चौबे ने स्पष्ट कहा कि यह तीन दिवसीय अतिक्रमणरोधी अभियान राजधानी में अवैध निर्माण करने वालों के लिए सख्त चेतावनी है। नगर निगम क्षेत्र में जहां भी अवैध निर्माण पाया जाएगा, वहां शासन के अधिनियमों के अनुसार बिना किसी भेदभाव के कठोर कार्रवाई की जाएगी।
नगर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आगे भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे, ताकि रायपुर में शासकीय भूमि की सुरक्षा और नियोजित शहरी विकास सुनिश्चित किया जा सके।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




