भूपदेवपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, ग्राम जबलपुर चोरी कांड 24 घंटे में सुलझा
रायगढ़। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर सख्त रुख अपनाते हुए भूपदेवपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना भूपदेवपुर पुलिस ने ग्राम जबलपुर में हुई चोरी की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात एवं नगदी सहित कुल 3.81 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी उदयराम पटैल (51 वर्ष) निवासी ग्राम जबलपुर ने थाना भूपदेवपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह मशरूम उत्पादन का कार्य करता है। 26 फरवरी 2026 को वह अपने परिवार के साथ कार्य से बिलासपुर गया हुआ था। 28 फरवरी की रात करीब एक बजे घर लौटने पर उसने देखा कि घर का पिछला दरवाजा खुला था और कमरे व अलमारी के ताले टूटे हुए थे। जांच करने पर अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नगदी 1.50 लाख रुपये चोरी होना पाया गया। रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 30/2026 धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए भूपदेवपुर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। मुखबिर सूचना एवं साक्ष्यों के आधार पर संदेही जितेन्द्र कुमार डनसेना (28 वर्ष) निवासी ग्राम जबलपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि ऑनलाइन गेमिंग में पैसे हारने के कारण उसने पैसों की आवश्यकता में चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर उसके कब्जे से सोने का हार एवं झूमका (करीब 25 ग्राम, कीमत लगभग 3.50 लाख रुपये), चांदी का पायल, अंगूठी एवं सिक्का (93 ग्राम, कीमत लगभग 31 हजार रुपये) तथा नगदी 1,030 रुपये बरामद कर जप्त किए गए। कुल जप्त संपत्ति की कीमत 3,81,000 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संजय नाग, एएसआई राजेश मिश्रा, प्रधान आरक्षक प्रदीप गहलोत, जगदीश नायक एवं आरक्षक प्रदीप तिवारी की सराहनीय भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि रायगढ़ जिले में चोरी, लूट एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध त्वरित और कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। आमजन की सुरक्षा और संपत्ति की रक्षा रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।


The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




