अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर ‘लखपति दीदी संवाद’ कार्यक्रम में बेमेतरा जिले की महिलाओं का राज्य स्तर पर सम्मान

0
IMG-20260308-WA1031

बेमेतरा । अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रायपुर स्थित बलवीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित “लखपति दीदी संवाद” कार्यक्रम में बिहान योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले कैडरों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा विभिन्न जिलों की महिलाओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनके उल्लेखनीय योगदान की सराहना की गई। कार्यक्रम में जिला बेमेतरा की महिलाओं ने भी अपनी उत्कृष्ट कार्यशैली से राज्य स्तर पर जिले का गौरव बढ़ाया। बिहान योजना के अंतर्गत कार्यरत बीमा सखी श्रीमती अनीता साहू, संकुल मूर्ता (जिला बेमेतरा) को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के अंतर्गत सर्वाधिक क्लेम सेटलमेंट कराने तथा हितग्राहियों को बीमा योजनाओं का लाभ दिलाने में उत्कृष्ट कार्य के लिए “उत्कृष्ट बीमा सखी” के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
इसी प्रकार राजकुड़ी संकुल की श्रीमती कैलाश चेलक को अपने क्षेत्र में स्व सहायता समूहों के सुव्यवस्थित पुस्तक संधारण, लेखा प्रबंधन तथा समूहों को सशक्त बनाने में सराहनीय कार्य करने के लिए “उत्कृष्ट आर.बी.के.के.” का पुरस्कार प्रदान किया गया।
इस सम्मान से बेमेतरा जिले की महिला स्व सहायता समूहों में कार्य कर रही महिलाओं के मनोबल में वृद्धि हुई है। दोनों महिलाओं ने बिहान योजना के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, वित्तीय साक्षरता बढ़ाने और शासकीय योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। जिले की इन दोनों महिलाओं की उपलब्धि से बेमेतरा जिले का नाम राज्य स्तर पर गौरवान्वित हुआ है। उनके इस उत्कृष्ट कार्य के लिए जिला प्रशासन, बिहान मिशन तथा स्व सहायता समूहों की महिलाओं ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!