एक्टिवा से गांजा तस्करी करते महिला सहित 2 गिरफ्तार: 6.14 किलो गांजा और वाहन जब्त, हिस्ट्रीशीटर उदय जैन की पत्नी निकली आरोपी
रायपुर । राजधानी रायपुर में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 6.140 किलोग्राम गांजा और तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा एक्टिवा वाहन जब्त किया गया है। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 3 लाख 57 हजार रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार महिला आरोपी माधुरी जैन उर्फ डॉली थाना खमतराई के हिस्ट्रीशीटर उदय जैन की पत्नी है, जो वर्तमान में नारकोटिक एक्ट के एक मामले में जेल में बंद है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) उमेश प्रसाद गुप्ता की संयुक्त मॉनिटरिंग में की गई। इस दौरान एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
सूचना पर की गई नाकेबंदी
पुलिस को 7 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक एक्टिवा वाहन में सवार महिला और एक युवक बैग में गांजा लेकर आरंग से रायपुर की ओर आ रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके बाद पुलिस टीम ने तेलीबांधा क्षेत्र के आरंग–रायपुर रिंग रोड स्थित किया कार शोरूम के सामने नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की।
भागने की कोशिश, पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा
नाकेबंदी के दौरान मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए का एक्टिवा वाहन आते दिखाई दिया। पुलिस टीम ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन को तेज गति से भगाने की कोशिश की। पुलिस टीम ने पीछा कर घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया और उसमें सवार महिला और युवक को पकड़ लिया।
पूछताछ में महिला ने अपना नाम माधुरी जैन उर्फ डॉली (37 वर्ष) और युवक ने अपना नाम कृष्ण साहू (18 वर्ष) बताया। दोनों सन्यासी पारा, थाना खमतराई रायपुर के निवासी हैं।
बैग की तलाशी में मिला गांजा
पुलिस टीम ने जब आरोपियों के पास रखे बैग की तलाशी ली तो उसमें 6.140 किलोग्राम गांजा रखा हुआ मिला। पुलिस ने गांजा को जब्त करते हुए तस्करी में प्रयुक्त एक्टिवा वाहन क्रमांक CG-04-NY-9483 को भी कब्जे में ले लिया।
पुलिस के अनुसार जब्त किए गए गांजे की कीमत करीब 3,07,000 रुपये तथा एक्टिवा की कीमत करीब 50,000 रुपये है। इस तरह कुल जब्त मशरूका की कीमत लगभग 3,57,000 रुपये आंकी गई है।
नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 110/26 के तहत नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट की धारा 20बी के अंतर्गत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में गिरफ्तार आरोपियों से फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक के आधार पर पूछताछ की जा रही है। इसके आधार पर गांजा तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों और नेटवर्क तक पहुंचने के लिए एंड-टू-एंड जांच की जाएगी।
नशे के खिलाफ लगातार अभियान
पुलिस ने बताया कि रायपुर में नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की 10 सदस्यीय टीम गठित की गई है। यह टीम नशीले पदार्थों की तस्करी, खरीदी-बिक्री और सप्लाई चैन पर निगरानी रखकर सोर्स और डेस्टिनेशन पॉइंट तक कार्रवाई कर रही है।
2026 में अब तक की कार्रवाई
वर्ष 2026 में अब तक एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम द्वारा गांजा तस्करी के 17 मामलों में 36 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस दौरान आरोपियों के कब्जे से 191.142 किलोग्राम गांजा, 2,05,700 रुपये नगद, 2 चारपहिया वाहन, 1 दोपहिया वाहन और 9 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 1 करोड़ 8 लाख 74 हजार 900 रुपये बताई गई है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




