दर्री तालाब के पास नशीली टेबलेट बेचने वाला युवक गिरफ्तार, 140 नाइट्रोजेपाम टेबलेट जब्त
रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से नशीली नाइट्रोजेपाम (Nitrosun-10) की 140 टेबलेट जब्त की गई हैं, जिनकी कीमत करीब 14 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) संदीप पटेल के निर्देश पर की गई। उन्होंने वेस्ट जोन के सभी पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों को क्षेत्र में अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।
इसी क्रम में 7 मार्च 2026 को थाना पुरानी बस्ती पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि भाठागांव स्थित दर्री तालाब के पास बरगद पेड़ के नीचे एक व्यक्ति नशीली टेबलेट लेकर ग्राहक की तलाश में घूम रहा है और उन्हें बेचने की फिराक में है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास रखे पीले रंग के थैले से Nitrazepam (Nitrosun-10) की 14 स्ट्रिप, यानी कुल 140 नशीली टेबलेट बरामद हुईं।
पुलिस ने आरोपी को धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस देकर बरामद टेबलेट से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
मामले में थाना पुरानी बस्ती में अपराध क्रमांक 114/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपी
- नारायण सोनकर (28 वर्ष), पिता रोहित सोनकर, निवासी शीतला चौक भाठागांव, रायपुर।
पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वह नशीली टेबलेट कहां से लाता था और किन लोगों को बेचता था।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




