नाबालिग से दुष्कर्म कर रकम ऐंठने वाला आरोपी गिरफ्तार रायगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई : इंस्टाग्राम के जरिए बढ़ाई थी नजदीकियां, एसएसपी ने दी सख्त चेतावनी
रायगढ़ । जिले में महिला एवं बाल अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत महिला थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। इंस्टाग्राम के माध्यम से नाबालिग को जाल में फंसाकर उसके साथ दुष्कर्म करने और डरा-धमकाकर पैसे वसूलने वाले आरोपी उध्दव दास महंत (21 वर्ष) को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं और बच्चों से संबंधित अपराधों में संलिप्त अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। शादी का झांसा देकर ले गया घर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता (17 वर्ष) की मुलाकात आरोपी से उसके मामा के गांव में हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच इंस्टाग्राम पर बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ। बीती 26 जनवरी को आरोपी उसे घुमाने के बहाने मोटरसाइकिल पर बैठाकर बाजीपाली स्थित अपने किराए के मकान में ले गया। वहां उसने नाबालिग के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। डरा-धमकाकर ऐंठे 10 हजार रुपये आरोपी का दुस्साहस यहीं नहीं रुका। 11 मार्च को वह पीड़िता के घर के पास पहुंचा और उसे डराने-धमकाने लगा। लोक-लाज और डर के कारण पीड़िता ने उसे ₹10,000 दे दिए। जब परिजनों को घटना की भनक लगी, तो उन्होंने हिम्मत जुटाकर 15 मार्च को महिला थाना में मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस की घेराबंदी और गिरफ्तारी मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त ने तत्काल टीम गठित की। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी उध्दव दास महंत को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 64, 351(3) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। “महिला व बाल अपराध अत्यंत गंभीर श्रेणी के हैं। ऐसे मामलों में पुलिस पूरी संवेदनशीलता और सख्ती से कार्य कर रही है। आमजन से अपील है कि किसी भी प्रकार के शोषण को सहें नहीं, बल्कि तत्काल पुलिस को सूचना दें ताकि अपराधियों को उनके अंजाम तक पहुंचाया जा सके।” — शशि मोहन सिंह, एसएसपी, रायगढ़ कार्रवाई में शामिल टीम: इस सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी कुसुम कैवर्त, एएसआई सरस्वती महापात्रे, विल्फ्रेड मसीह, प्रधान आरक्षक संदीप भगत, राजेश उरांव एवं समस्त थाना स्टाफ की मुख्य भूमिका रही।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




