जूटमिल पुलिस की मुस्तैदी से टली बड़ी बैंक लूट, रात में सेंधमारी की कोशिश नाकाम

0
IMG-20260317-WA0566


पंजाब नेशनल बैंक में घुसे बदमाश, DVR लेकर भागे; समय पर पहुंची पुलिस से बची करोड़ों की वारदात, एसएसपी ने घोषित किया इनाम

रायगढ़ । शहर के जूटमिल थाना क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी बैंक लूट की वारदात टल गई। बीती रात गश्त पर तैनात पुलिसकर्मियों की सजगता के चलते बदमाश अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके और मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, जूटमिल पुलिस की टीम रोजाना की तरह रात्रि गश्त पर थी और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार क्षेत्र के बैंकों और एटीएम की जांच की जा रही थी। इसी दौरान आरक्षक परमानंद पटेल और समीर बेक को पटेलपाली स्थित पंजाब नेशनल बैंक के बाहर एक संदिग्ध चारपहिया वाहन खड़ा दिखाई दिया। बैंक परिसर में अंधेरा और वाहन की मौजूदगी से उन्हें संदेह हुआ।

पुलिसकर्मी जैसे ही बैंक के पास पहुंचे, उन्हें देखकर वाहन चालक ने गाड़ी स्टार्ट कर दी। उसी समय बैंक के अंदर से एक व्यक्ति तेजी से बाहर आया और वाहन में बैठकर शहर की ओर फरार हो गया। घटना की गंभीरता को भांपते हुए पुलिसकर्मियों ने तत्काल थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक अभिनवकांत सिंह और अन्य स्टाफ को सूचना दी।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तत्काल सक्रिय किया गया, जिसमें डीएसपी सुशांतो बनर्जी, उप निरीक्षक संजय नाग सहित अन्य स्टाफ मौके पर पहुंचे।

प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ कि अज्ञात बदमाशों ने बैंक का चैनल गेट तोड़कर अंदर प्रवेश किया था। आरोपियों ने बैंक के दो DVR निकाल लिए, बाहरी सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त कर दिया और बैंक के चेस्ट व लॉकर तक पहुंचने के लिए दीवार तोड़ने की कोशिश की।

हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई और मौके पर पहुंचने के कारण आरोपी अपनी योजना को अंजाम नहीं दे सके और बिना किसी बड़ी लूट को अंजाम दिए ही फरार हो गए।

इस पूरे घटनाक्रम में जूटमिल पुलिस की सजगता और त्वरित प्रतिक्रिया की सराहना करते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने थाना प्रभारी सहित पूरी टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।


इस घटना ने एक बार फिर साबित किया है कि सतर्क पुलिसिंग और समय पर कार्रवाई से बड़ी आपराधिक घटनाओं को रोका जा सकता है। हालांकि बैंक सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं, जिन्हें लेकर संबंधित प्रबंधन को अतिरिक्त सावधानी बरतने की आवश्यकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!