तमनार में अवैध अफीम की खेती का भंडाफोड़, एक एकड़ में उगाई जा रही फसल, मुख्य आरोपी हिरासत में
रायगढ़। राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में अवैध अफीम की खेती के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 19 मार्च को तमनार क्षेत्र के आमाघाट में पुलिस ने छापेमारी कर अवैध अफीम की खेती का भंडाफोड़ किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आमाघाट क्षेत्र में एक खेत में सब्जियों की आड़ में अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। जांच के दौरान पाया गया कि सुषमा खलखो, पति मार्शल संगा, निवासी झारखंड द्वारा अपने खेत में सब्जी की खेती के साथ-साथ अवैध रूप से अफीम उगाई जा रही थी।
पुलिस ने मौके से आरोपी को हिरासत में लेकर खेत का निरीक्षण किया, जिसमें करीब एक एकड़ भूमि पर अफीम की फसल लगी हुई पाई गई। इसके बाद फसल को जब्त कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि इस अवैध गतिविधि से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी मिल सके। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि इस मामले में और भी लोग शामिल हो सकते हैं, जिनकी पहचान की जा रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा और इस तरह के मामलों में संलिप्त पाए जाने वाले आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों में भय का माहौल देखा जा रहा है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




