नवोदय प्रवेश परीक्षा में राजनंदनी साहू का चयन, क्षेत्र में हर्ष का माहौल।
रिपोर्टर ✒️ मनीष अग्रवाल
सरगांव । शिक्षा के क्षेत्र में एक बार फिर स्थानीय प्रतिभा ने अपनी मेहनत और लगन से सफलता का परचम लहराया है। ग्राम मदकू की होनहार छात्रा राजनंदनी साहू का चयन नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा के माध्यम से जवाहर नवोदय विद्यालय दाबो, मुंगेली में कक्षा छठवीं हेतु हुआ है। इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का वातावरण है। वर्तमान में राजनंदनी साहू सरस्वती शिशु मंदिर, बैतलपुर में कक्षा पांचवीं की छात्रा हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा के दौरान ही अनुशासन, परिश्रम और उत्कृष्ट अध्ययन के बल पर यह महत्वपूर्ण सफलता अर्जित की है। नवोदय विद्यालय में चयन को देश के प्रतिष्ठित शैक्षणिक अवसरों में से एक माना जाता है, जहां विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ समग्र विकास का वातावरण प्राप्त होता है।

राजनंदनी, जनपद पंचायत पथरिया के सभापति एवं ग्राम मदकू निवासी मनीष साहू की सुपुत्री हैं। उनकी इस उपलब्धि पर परिजनों, शिक्षकों एवं क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। विद्यालय परिवार के शिक्षकों ने भी राजनंदनी की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे विद्यालय के लिए गौरव का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि राजनंदनी शुरू से ही मेधावी और परिश्रमी छात्रा रही हैं, और उनकी यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर इस तरह की उपलब्धियां हासिल करना पूरे समाज के लिए गर्व की बात है। राजनंदनी की इस सफलता ने यह सिद्ध कर दिया है कि दृढ़ संकल्प और मेहनत के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




