मुंगेली में तलवार लहराकर दहशत फैलाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
सार्वजनिक स्थान पर लोगों को धमकाने का मामला, आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर भेजे गए जेल
मुंगेली । जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के तहत मुंगेली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक स्थान पर तलवार लहराकर आम लोगों को डराने-धमकाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 4 अप्रैल 2026 को थाना सिटी कोतवाली को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि मल्हापारा स्थित नंदी चौक, शंकर मंदिर के पास दो व्यक्ति तलवार लेकर घूम रहे हैं और लोगों को भयभीत कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील जायसवाल (28 वर्ष, निवासी शंकर वार्ड) एवं आनंद यादव उर्फ भुरवा (25 वर्ष, निवासी राजेंद्र वार्ड पटवापारा) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी आदतन बदमाश बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक-एक नग लोहे की तलवार जब्त की है। गवाहों की मौजूदगी में विधिवत कार्रवाई करते हुए दोनों को हिरासत में लिया गया। उनके खिलाफ थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 124/26 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को 5 अप्रैल को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मुंगेली पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखी जा सके।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.


