नवागांव (घु.) में अतिक्रमण पर चला प्रशासन का बुलडोजर, सड़क किनारे कब्जे हटाए गए

0
Screenshot_20260407_114633

• तहसीलदार व पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई, सार्वजनिक भूमि कराई गई अतिक्रमण मुक्त

मुंगेली । जनपद पंचायत मुंगेली अंतर्गत ग्राम पंचायत नवागांव (घु.) में लंबे समय से सार्वजनिक एवं प्रस्तावित जमीनों पर हो रहे अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। तहसीलदार मुंगेली एवं पुलिस बल की मौजूदगी में यह कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराई गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत नवागांव (घु.) में 3 जनवरी 2026 को आयोजित बैठक में सार्वजनिक स्थलों एवं प्रस्तावित भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का निर्णय लिया गया था। इसके बाद पंचायत द्वारा अतिक्रमणकारियों को कई बार नोटिस जारी कर स्वयं कब्जा हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन निर्धारित समय सीमा तक कोई संतोषजनक प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर प्रशासन को कार्रवाई के लिए बाध्य होना पड़ा।

ग्राम पंचायत द्वारा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मुंगेली को ज्ञापन सौंपकर अतिक्रमण हटाने के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल उपलब्ध कराने की मांग की गई थी। इसके परिप्रेक्ष्य में संबंधित अधिकारियों द्वारा थाना सिटी कोतवाली को आवश्यक पुलिस बल उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए गए।

निर्धारित तिथि पर तहसीलदार की अगुवाई में राजस्व विभाग एवं पुलिस की संयुक्त टीम गांव पहुंची और सड़क किनारे तथा सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। इस दौरान सड़क किनारे बने घुरवा (कचरा व गोबर के ढेर) सहित अन्य अतिक्रमणों को हटाकर भूमि को खाली कराया गया।

ग्राम पंचायत नवागांव (घु.) के सरपंच नारायण साहू ने कहा कि “ग्राम के विकास और आम जनता की सुविधा के लिए अतिक्रमण हटाना बेहद जरूरी था। पंचायत द्वारा पहले ही सभी संबंधित लोगों को पर्याप्त समय और सूचना दी गई थी, लेकिन सहयोग नहीं मिलने के कारण प्रशासनिक कार्रवाई करनी पड़ी। आगे भी सार्वजनिक जमीनों की सुरक्षा और सुव्यवस्थित उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा।”

कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही अतिक्रमणकारियों को भविष्य में दोबारा कब्जा न करने की सख्त हिदायत दी गई।

इस अभियान से ग्राम में आमजन को राहत मिलने की उम्मीद है, क्योंकि अतिक्रमण के कारण आवागमन में परेशानी हो रही थी और सार्वजनिक स्थानों का उपयोग बाधित हो रहा था। प्रशासन ने संकेत दिया है कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!