भिलाई Steel Authority of India Limited के भिलाई स्टील प्लांट में भीषण आग, टर्बाइन ब्लास्ट से मचा हड़कंप, 5 कर्मचारी घायल

0
12-18

भिलाई । Steel Authority of India Limited (सेल) के भिलाई स्टील प्लांट में मंगलवार सुबह एक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। यह हादसा प्लांट के पीबीएस-2 स्थित 25 मेगावाट टर्बाइन एरिया में हुआ, जहां अचानक हुए ब्लास्ट के बाद आग तेजी से फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की लपटें करीब 10 फीट तक उठती देखी गईं।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की आधा दर्जन से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान प्लांट के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद रहे और राहत-बचाव कार्यों की निगरानी करते रहे।

हादसे में दो प्लांट कर्मचारी और तीन ठेका श्रमिक घायल हो गए। सभी घायल किसी तरह पीछे के रास्ते से बाहर निकलने में सफल रहे। घायलों में एक कर्मचारी का पैर फ्रैक्चर बताया जा रहा है, जबकि अन्य को मामूली चोटें आई हैं। सभी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार टर्बाइन में ब्लास्ट होने के कारण आग लगी, हालांकि वास्तविक कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है। घटना के दौरान केबल जलने की भी जानकारी सामने आई है। फिलहाल प्लांट को हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।

प्रबंधन और संबंधित विभागों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से बड़ा हादसा टल गया, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!