लोहंडीगुड़ा) पिकअप पलटने से बड़ा हादसा, 2 की मौत, 37 घायल

0
08-10

बस्तर । छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग अंतर्गत लोहंडीगुड़ा क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ग्राम घोटिया के पास स्थित ढाबा मारी इलाके में सुबह करीब 7 बजे एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे मौके पर ही दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 37 अन्य लोग घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन में सवार ग्रामीण नारायणपुर क्षेत्र में आयोजित एक शादी समारोह से वापस अपने गांव सिरीसगुड़ा लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक मोड़ पर वाहन चालक संतुलन खो बैठा और वाहन पलट गया। हादसा इतना अचानक हुआ कि यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस एवं ग्रामीणों की मदद से घायलों को तत्काल लोहंडीगुड़ा के शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लगभग 25 से 26 लोगों को बेहतर इलाज के लिए जगदलपुर स्थित मेडिकल कॉलेज डिमरापाल रेफर किया गया है। वहीं कुछ घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

NTPC World Environment Day

चालक की तलाश में जुटी पुलिस

लोहंडीगुड़ा थाना प्रभारी के अनुसार, हादसे के बाद वाहन चालक फरार हो गया है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

शादी की खुशी मातम में बदली

यह हादसा उस समय हुआ जब सभी ग्रामीण खुशी के माहौल में शादी समारोह से लौट रहे थे, लेकिन एक पल में ही यह खुशी मातम में बदल गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और ओवरलोडिंग से बचें, ताकि इस प्रकार की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!