झिरिया जंगल में फॉरेस्ट गार्डों पर हमला, 4 कर्मचारी गंभीर घायल

0
Achanakmar_Tiger_Reserve__Lormi_1775891015

मुंगेली/लोरमी। लोरमी वन परिक्षेत्र के झिरिया वन क्षेत्र में अवैध खनन की जांच करने पहुंची वन विभाग की टीम पर ग्रामीणों द्वारा अचानक हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में चार फॉरेस्ट गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर रेफर किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार वन विभाग के चार नवपदस्थ फॉरेस्ट गार्ड झिरिया जंगल क्षेत्र में अवैध खनन की शिकायतों की जांच के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान गांव के कुछ लोगों के साथ उनका विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। बताया जा रहा है कि बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और उन्होंने लाठी-डंडों से वन कर्मियों पर हमला कर दिया।

हमले में चारों फॉरेस्ट गार्ड बुरी तरह घायल हो गए। किसी के सिर में गंभीर चोट आई है तो किसी के हाथ-पैर में फ्रैक्चर की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायल कर्मचारियों को तत्काल लोरमी के 50 बिस्तर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बिलासपुर रेफर कर दिया गया।

सूत्रों के अनुसार, क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन की गतिविधियां संचालित होने की शिकायत मिल रही थी। इसी के तहत वन विभाग की टीम कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंची थी। हालांकि, ग्रामीणों के अचानक आक्रामक हो जाने के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। यह भी संभावना जताई जा रही है कि पूर्व में किसी बात को लेकर विवाद रहा हो या कार्रवाई को लेकर गलतफहमी की स्थिति बनी हो।

घटना के बाद कई अहम सवाल खड़े हो गए हैं। क्या वन विभाग की टीम बिना पर्याप्त सुरक्षा के संवेदनशील क्षेत्र में पहुंची थी? क्या स्थानीय स्तर पर पहले से तनाव की स्थिति थी? वहीं सबसे महत्वपूर्ण प्रश्न यह है कि क्या इस मामले में पुलिस में रिपोर्ट दर्ज की गई है और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है या नहीं।

इस घटना ने वन अमले की सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। क्षेत्र में दहशत का माहौल है और वन विभाग के कर्मचारियों में भय का वातावरण बना हुआ है।

फिलहाल प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि और विस्तृत बयान का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस और वन विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है। आने वाले समय में जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक वजह सामने आ पाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!