‘ऑपरेशन बाज’ के तहत मुंगेली पुलिस की कार्रवाई, अवैध शराब तस्करी में 2 आरोपी गिरफ्तार

0
IMG_20260417_082925_847

मुंगेली । मुंगेली पुलिस ने नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत सख्त कार्रवाई करते हुए अवैध शराब तस्करी में लिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 24 नग बीयर एवं एक कार जब्त की है।

पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में जिले में अवैध शराब बिक्री एवं तस्करी के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन में थाना सिटी कोतवाली एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।

मुखबिर सूचना पर घेराबंदी, रंगे हाथों पकड़ाए आरोपी
पुलिस को 14 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अपने साथी के साथ रायपुर रोड बायपास से मुंगेली की ओर एक कार में अवैध रूप से शराब परिवहन कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली।

पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम समर्थ जायसवाल (44 वर्ष), निवासी नेहरू नगर बिलासपुर (वर्तमान निवास पुलपारा, मुंगेली) तथा सूरज ठाकुर (34 वर्ष), निवासी विनोबा नगर मुंगेली बताया। तलाशी के दौरान कार से 24 नग सिम्बा कंपनी की बीयर (15.600 बल्क लीटर) बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 4,800 रुपये बताई गई।

कार सहित लाखों का माल जब्त
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हुंडई क्रेटा कार (क्रमांक सीजी 28 आर 9600) को भी जब्त किया है, जिसकी कीमत लगभग 12 लाख रुपये आंकी गई है। इस प्रकार कुल जब्ती की राशि करीब 12 लाख 4 हजार 800 रुपये है।

आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
आरोपियों के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली मुंगेली में अपराध क्रमांक 136/26 के तहत धारा 34(2) एवं 59 (क) आबकारी अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की गई है। दोनों आरोपियों को 15 अप्रैल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कार्तिकेश्वर जांगड़े, साइबर सेल प्रभारी सत्येंद्रपुरी गोस्वामी, सहायक उपनिरीक्षक भानुप्रताप बर्मन सहित साइबर सेल एवं सिटी कोतवाली मुंगेली की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!