मुंबई में आयोजित वर्ड पावर चैंपियनशिप 2026 में छठवां स्थान हासिल किया छात्र रोशन निषाद ने
सहायक शिक्षक सुनीता यादव के मार्गदर्शन में ग्रामीण प्रतिभा ने राष्ट्रीय मंच पर दिखाई चमक
रायपुर । छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के शासकीय प्राथमिक शाला खिचरी के कक्षा तीसरी के छात्र रोशन निषाद ने अपनी प्रतिभा का लोहा राष्ट्रीय स्तर पर मनवाते हुए मुंबई में आयोजित वर्ड पावर चैंपियनशिप 2026 में छठवां स्थान हासिल किया है। इससे पहले रोशन ने राज्य स्तर पर प्रतियोगिता जीतकर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने का गौरव प्राप्त किया था। देशभर के तेलंगाना, आंध्रप्रदेश, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान, मध्यप्रदेश और झारखंड जैसे राज्यों के प्रतिभागियों के बीच प्रतिस्पर्धा करते हुए रोशन ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। सीमित संसाधनों और ग्रामीण परिवेश से आने के बावजूद उनकी यह उपलब्धि खास मानी जा रही है। इस सफलता के पीछे सहायक शिक्षक सुनीता यादव का महत्वपूर्ण योगदान रहा है, जो राज्य शिक्षक सम्मान एवं मुकुटधर पांडे स्मृति अलंकृत पुरस्कार से सम्मानित हैं। उनके मार्गदर्शन, मेहनत और समर्पण ने रोशन जैसे छात्र को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए रोशन निषाद और सुनीता यादव को मुंबई में सम्मानित भी किया गया। मुंबई यात्रा के दौरान रोशन ने पहली बार मेट्रो ट्रेन और वंदे भारत एक्सप्रेस में सफर किया तथा आधुनिक सुविधाओं से युक्त वातावरण का अनुभव किया, जो उसके लिए किसी सपने के साकार होने जैसा रहा। यह उपलब्धि न केवल खिचरी स्कूल बल्कि पूरे जिले और राज्य के लिए गर्व का विषय है। उल्लेखनीय है कि लीप फॉरवर्ड निहार शांति पाठशाला, मुंबई द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य सरकारी स्कूलों में अंग्रेजी शिक्षा के स्तर को सुधारना है। संस्था के फाउंडर प्रणिल नाइक और छत्तीसगढ़ की कोऑर्डिनेटर रंजना केदार के सहयोग से प्रदेश के बच्चों को यह मंच मिल रहा है। खिचरी स्कूल को राज्य में वर्ड पावर चैंपियनशिप का मजबूत केंद्र माना जाता है, जहां से हर वर्ष प्रतिभाएं उभरकर सामने आती हैं।


The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
