दो जलाशय परियोजनाओं को मिली करोड़ों की स्वीकृति, सैकड़ों हेक्टेयर में बढ़ेगी सिंचाई क्षमता

0
image_search_1777364512095

रायपुर । छत्तीसगढ़ शासन के जल संसाधन विभाग ने प्रदेश में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए दो प्रमुख जलाशय परियोजनाओं के लिए करोड़ों रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की है। इन योजनाओं के पूर्ण होने से किसानों को बड़ी राहत मिलने के साथ ही कृषि उत्पादन में वृद्धि की उम्मीद जताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बलरामपुर-रामानुजगंज जिला के विकासखंड बलरामपुर अंतर्गत सीतारामपुर जलाशय (बांध) निर्माण कार्य के लिए 6 करोड़ 33 लाख 89 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इस परियोजना के तहत कुल 200 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिसमें 150 हेक्टेयर में खरीफ फसल और 50 हेक्टेयर में रबी फसल को लाभ मिलेगा। इस कार्य के लिए अम्बिकापुर स्थित हसदेव गंगा कछार जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता को प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

इसी प्रकार, मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी जिला के विकासखंड अंबागढ़ चौकी में स्थित रेगाकठेरा जलाशय के जीर्णोद्धार एवं नहर लाइनिंग कार्य के लिए 2 करोड़ 7 लाख 82 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई है। इस योजना के पूर्ण होने पर वर्तमान में 80 हेक्टेयर निर्धारित सिंचाई क्षमता के मुकाबले हो रही 60 हेक्टेयर की कमी की भरपाई की जा सकेगी और पूरे क्षेत्र में सिंचाई सुविधा बहाल हो पाएगी। इस परियोजना की जिम्मेदारी रायपुर स्थित महानदी-गोदावरी कछार जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता को सौंपी गई है।

विशेषज्ञों का मानना है कि इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से न केवल सिंचाई व्यवस्था सुदृढ़ होगी, बल्कि क्षेत्रीय किसानों की आय में भी वृद्धि होगी। साथ ही जल संरक्षण को बढ़ावा मिलने से भविष्य में जल संकट की स्थिति से निपटने में भी सहायता मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!