“स्वस्थ नारी अभियान”, 4 मई से बोड़ला ब्लॉक के झलमला से हो रहा शुरू
पूरे जिले में मई-जून माह में चलेगा सघन एनीमिया जांच अभियान
महिलाओं- किशोरियों की स्वास्थ्य सुरक्षा पर विशेष फोकस
रिपोर्टर✒️कमलेश सिंह
कवर्धा । कबीरधाम जिले के बोडला विकासखंड नीति आयोग के आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित है। इसी क्रम में नीति आयोग के सहयोग से विकासखंड में ‘स्वस्थ नारी अभियान’ नामक एक विशेष पहल प्रारंभ की जा रही है, जिसके तहत पूरे विकासखंड में एनीमिया जांच शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित ये शिविर मई एवं जून 2026 के दौरान आयोजित होने वाले सुशासन तिहार शिविरों और पंचायत स्तर में लगाए जाएंगे। अभियान की शुरुआत 4 मई को झलमला में आयोजित सुशासन तिहार शिविर से होगी।
इन शिविरों में महिलाओं एवं किशोरियों के लिए निःशुल्क एवं त्वरित हीमोग्लोबिन जांच की सुविधा उपलब्ध होगी। जांच के साथ ही आवश्यकतानुसार मौके पर उपचार, रेफरल, आयरन फोलिक एसिड टेबलेट्स का वितरण तथा जीवनशैली एवं पोषण संबंधी परामर्श भी प्रदान किया जाएगा। विशेष रूप से 10 से 50 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं में जांच पर ध्यान दिया जाएगा।
एनीमिया एक प्रमुख स्वास्थ्य समस्या है, जो हमारे राज्य और जिले में महिलाओं एवं किशोरों के बीच व्यापक रूप से पाई जाती है। इसके लक्षण जैसे थकान, चक्कर आना, ध्यान में कमी (ब्रेन फॉग), विकास में देरी और रोग प्रतिरोधक क्षमता में कमी, दैनिक जीवन की गतिविधियों पर गंभीर प्रभाव डाल सकते हैं। समय पर जांच, उचित उपचार और आहार में छोटे-छोटे बदलाव इसके रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
एनीमिया एक सामान्य किन्तु आसानी से रोके जाने योग्य समस्या है, जिसके प्रभावी उपचार के लिए समय पर जांच अत्यंत आवश्यक है। इस अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक महिलाओं तक पहुंच बनाकर उनकी जांच एवं उपचार सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। इस पहल में स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा शिक्षा विभाग का समन्वय सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि अधिकतम हितग्राहियों तक पहुंच बनाई जा सके।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
