भाजपा नगर मंडल की संगठनात्मक बैठक सम्पन्न, बूथ सशक्तिकरण पर जोर
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन को लेकर तैयारियों में जुटे कार्यकर्ता, विधायक पुन्नू लाल मोहले ने किया आह्वान
मुंगेली। भाजपा कार्यालय मुंगेली में नगर मंडल की संगठनात्मक बैठक सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी, वरिष्ठ कार्यकर्ता गिरीश शुक्ला तथा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं नगर मंडल अध्यक्ष सौरभ बाजपेयी की गरिमामयी उपस्थिति रही। जिला संगठन के निर्देशन में आयोजित इस बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करना और शक्ति केंद्रों को सक्रिय कर पार्टी की पकड़ को और सुदृढ़ बनाना रहा।

बैठक के बाद क्षेत्रीय विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री पुन्नू लाल मोहले ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आगामी 10 तारीख को प्रदेश के मुख्यमंत्री के प्रस्तावित नगर आगमन की जानकारी दी। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही पार्टी की असली ताकत है और बूथ स्तर तक सक्रियता से ही बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।
बैठक में नगर मंडल के पदाधिकारी, पार्षदगण, वार्ड अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी तथा वरिष्ठ कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन नगर महामंत्री मन्नू लाल श्रीवास्तव ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन महामंत्री महावीर सिंह ने व्यक्त किया।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
