फर्जी नियुक्ति आदेश से करोड़ों की ठगी, शिक्षक व क्लर्क गिरफ्तारव्हाट्सएप पर वायरल किए मंत्रालय के फर्जी आदेश, 34 लोगों को बनाया शिकार

0
IMG-20260505-WA0579

रायपुर। सामान्य प्रशासन विभाग, नवा रायपुर के नाम से फर्जी नियुक्ति आदेश जारी कर करीब डेढ़ करोड़ रुपए की ठगी करने वाले दो आरोपियों को रायपुर ग्रामीण पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने 34 लोगों को सरकारी नौकरी का झांसा देकर अपने जाल में फंसाया था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 5 मार्च 2026 को सामान्य प्रशासन विभाग के नाम से एक फर्जी आदेश तैयार कर सोशल मीडिया, विशेषकर व्हाट्सएप के माध्यम से प्रसारित किया गया। इस आदेश में परिवहन, राजस्व, वन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा स्कूल शिक्षा विभाग में भर्ती की अनुशंसा दर्शाई गई थी। आदेश में सचिव एवं उप सचिव के डिजिटल हस्ताक्षर का दुरुपयोग किया गया था, जिससे यह पूरी तरह वास्तविक प्रतीत हो रहा था।

इस संबंध में 24 अप्रैल 2026 को सामान्य प्रशासन विभाग के कर्मचारी राजपाल बघेल ने थाना राखी में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की।

NTPC World Environment Day

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल नंबरों के विश्लेषण के आधार पर आरोपी राजेश शर्मा उर्फ राजू को चिन्हित किया, जो राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ का निवासी है। पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसके साथी मनोज कुमार श्रीवास्तव का नाम सामने आया, जिसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि आर्थिक तंगी और कर्ज के चलते उन्होंने यह ठगी की योजना बनाई। दोनों ने मिलकर कंप्यूटर के माध्यम से फर्जी नियुक्ति आदेश तैयार किया और उसे व्हाट्सएप पर वायरल कर लोगों को सरकारी नौकरी दिलाने का लालच दिया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने भिलाई निवासी एक महिला से 1.90 लाख रुपए की राशि ली थी, जिसे बाद में वापस कर दिया गया। शिकायत सामने आने के बाद आरोपियों ने फर्जी आदेश का प्रसार बंद कर दिया था।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कंप्यूटर सेट और प्रिंटर जब्त किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 319(2), 336(3), 3(5) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(D) के तहत कार्रवाई की गई है।

गिरफ्तार आरोपियों में राजेश शर्मा (53 वर्ष) निवासी खुटापारा डोंगरगढ़ तथा मनोज कुमार श्रीवास्तव (52 वर्ष) निवासी कुम्हारपारा डोंगरगढ़ शामिल हैं।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सरकारी नौकरी के नाम पर किसी भी प्रकार की रकम की मांग किए जाने पर सतर्क रहें और ऐसे मामलों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!