पेंड्रा के सामूहिक विवाह समारोह में 72 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे विधायक श्री मरपची ने दी शुभकामनाएं
साय सरकार बेटियों के सम्मान, सामाजिक सुरक्षा और समरस समाज निर्माण के लिए प्रतिबद्ध
रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण और सामाजिक समरसता को सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत आज मल्टी परपज स्कूल परिसर पेंड्रा में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया, जहां 72 जोड़े वैदिक मंत्रोच्चारण, पारंपरिक रीति-रिवाजों और सामाजिक सौहार्द के वातावरण में परिणय सूत्र में बंधे। विधायक प्रणव कुमार मरपची ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में संवेदनशील और जनहितैषी सरकार कार्य कर रही है। छत्तीसगढ़ आज समग्र विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और मुख्यमंत्री जो कहते हैं, उसे धरातल पर उतारकर दिखाते भी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं के सम्मान, बेटियों की सुरक्षा, शिक्षा और आत्मनिर्भरता को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है।

कार्यक्रम में विधायक श्री मरपची ने योजना के अंतर्गत प्रत्येक नवविवाहित जोड़े के खाते में 35 हजार रुपये की सहायता राशि अंतरित की तथा प्रतीक स्वरूप 10 जोड़ों को चेक भी प्रदान किए। उन्होंने कहा कि यह आर्थिक सहायता नवदम्पत्तियों को नए जीवन की शुरुआत में मजबूती प्रदान करेगी और आत्मनिर्भर गृहस्थ जीवन की नींव रखेगी। जिला प्रशासन एवं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित इस गरिमामय समारोह में विधायक प्रणव कुमार मरपची मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने नवदम्पत्तियों को सुखद एवं समृद्ध दाम्पत्य जीवन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना राज्य सरकार की अत्यंत महत्वपूर्ण और संवेदनशील योजना है, जिसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न कराना और उन्हें आत्मसम्मान के साथ नए जीवन की शुरुआत के लिए सहयोग प्रदान करना है। समारोह के दौरान पूरा परिसर उत्सवमय वातावरण से सराबोर दिखाई दिया। शहनाइयों की मधुर धुन, वैदिक मंत्रोच्चार, वरमाला, फेरे और सिंदूरदान की रस्मों के बीच नवदम्पत्तियों ने जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया। बड़ी संख्या में उपस्थित परिजन, रिश्तेदार एवं नागरिक इस भावुक और प्रेरणादायी पल के साक्षी बने। कई परिवारों के चेहरों पर संतोष और खुशी स्पष्ट झलक रही थी। विधायक ने जानकारी दी कि इससे पूर्व जिला गठन के उपलक्ष्य में आयोजित अरपा महोत्सव के दौरान 10 फरवरी 2026 को आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने स्वयं उपस्थित होकर 306 जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया था। यह राज्य सरकार की सामाजिक सरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता का जीवंत उदाहरण है। समारोह के दौरान विधायक ने उपस्थित सभी लोगों को बाल विवाह मुक्त जिला और बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ बनाने की शपथ भी दिलाई। उन्होंने कहा कि बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। बेटियों को शिक्षा, सम्मान और सुरक्षित भविष्य देना ही सशक्त समाज की पहचान है। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना आज प्रदेश में सामाजिक समरसता, महिला सशक्तिकरण और जनकल्याण का प्रभावी माध्यम बन चुकी है। योजना के तहत नवदम्पत्तियों को आर्थिक सहायता के साथ-साथ आवश्यक गृहस्थी सामग्री भी उपलब्ध कराई जाती है, जिससे वे सम्मानपूर्वक अपने नए जीवन की शुरुआत कर सकें। यह योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री समीरा पैकरा, उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर सिंह, नगर पालिका परिषद गौरेला के अध्यक्ष मुकेश दुबे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती बूंद कुवर मार्काे, भंवन सिंह गोवास, श्रीमती राजेश नंदनी मार्काे, पवन पैकरा, जनपद अध्यक्ष गौरेला शिवनाथ बघेल, कलेक्टर डॉ. संतोष प्रसाद देवांगन, पुलिस अधीक्षक मनोज खिलारी, जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी अमित सिन्हा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, गणमान्य नागरिक, वर-वधु एवं उनके परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
