1 करोड़ 40 लाख की सड़क निर्माण में गड़बड़ी का आरोप, ग्रामीणों में भारी आक्रोश
7रिपोर्टर ✒️ रूपचंद रॉय
जनप्रतिनिधियों ने कलेक्टर से की जांच और कार्रवाई की मांग
मस्तुरी। जनपद पंचायत मस्तुरी क्षेत्र के ग्राम पंचायत आगमगांव के आश्रित ग्राम आमाकोनी में लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा बनाए जा रहे लगभग 1 करोड़ 40 लाख रुपए लागत की सड़क निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितता और गुणवत्ताहीन सामग्री उपयोग करने के आरोप लगाए गए हैं।
जनपद पंचायत सहकारिता सभापति श्रीमती सरिता नरेन्द्र नायक, जनपद पंचायत सदस्य श्रीमती मेनका सुमित जगत, सरपंच श्रीमती हीरादेवी खेमराज पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को शिकायत पत्र सौंपकर मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
ठेकेदार पर घटिया निर्माण का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण का कार्य ठेकेदार अतुल शुक्ला एवं तापस अग्रवाल द्वारा कराया जा रहा है, लेकिन निर्माण में गुणवत्ता का बिल्कुल ध्यान नहीं रखा जा रहा। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि सरपंच और पंचगण द्वारा आपत्ति जताने पर ठेकेदार पक्ष द्वारा धमकी और धौंस भी दिखाई जा रही है।
हाथ से उखड़ने लगी सड़क
ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए वीडियो भी बनाया है। आरोप है कि सड़क इतनी कमजोर बनाई जा रही है कि हाथों से ही उसकी परत उखड़ने लगी है। लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपए की सड़क को केवल लीपापोती कर तैयार किया जा रहा है और मजबूती के मानकों का पालन नहीं किया गया।
शिकायत पत्र में लगाए गए गंभीर आरोप
जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने कलेक्टर को सौंपे गए पत्र में निर्माण कार्य से जुड़ी कई गंभीर खामियों का उल्लेख किया है।
पानी की तराई में लापरवाही
शिकायत में कहा गया है कि सड़क निर्माण के दौरान पर्याप्त पानी की तराई नहीं की गई, जिससे सड़क की मजबूती प्रभावित हो रही है।
गिट्टी की जगह साधारण मिट्टी का उपयोग
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में गिट्टी की मात्रा बेहद कम रखी गई है। वहीं लाल मुरूम के स्थान पर किसानों के खेतों की गीली भसुवा मिट्टी का उपयोग किया गया है, जिससे सड़क की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
नाली पुल निर्माण में भी अनियमितता

शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि नाली पुल निर्माण में भी मानकों की अनदेखी की गई है। पुल निर्माण में बेहद कम मात्रा में सरिया उपयोग किए जाने की बात कही गई है, जिससे निर्माण की मजबूती संदिग्ध हो गई है।
ग्रामीणों ने अधिकारियों की मिलीभगत का लगाया आरोप
ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों का कहना है कि शासन की राशि का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों की मिलीभगत से ठेकेदार द्वारा गुणवत्ताहीन निर्माण कराया जा रहा है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते निर्माण कार्य की जांच और सुधार नहीं किया गया तो सड़क जल्द ही उखड़ जाएगी।
बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने किया समर्थन
शिकायत पत्र में जनप्रतिनिधियों के साथ गांव के कई प्रमुख लोगों ने हस्ताक्षर कर प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। इनमें भाजपा लोहरसी मंडल जिला मंत्री एवं सेवा सहकारी समिति अध्यक्ष हेमलाल जगत, हीरा सिंह जगत, रामसागर जगत, गोरेलाल जगत सहित अनेक ग्रामीण शामिल हैं।
कलेक्टर से निष्पक्ष जांच की मांग
ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर से मांग की है कि पूरे निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने वाले ठेकेदार एवं संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि शासन की राशि का सही उपयोग हो सके और ग्रामीणों को गुणवत्तापूर्ण सड़क मिल सके।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
