पचपेड़ी में खूनी संघर्ष: दशगात्र कार्यक्रम का मुनादी कर रहे युवकों पर जानलेवा हमला, बीच-बचाव करने आए युवक का सिर फटा, सिम्स रेफर : देखिए वीडियो 👇
रिपोर्टर ✒️ रूपचंद रॉय
पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार बाइक टकराने के विवाद पर बेल्ट, लाठी-डंडे और लोहे के औजार से पीटा; पचपेड़ी पुलिस ने दर्ज किया मामला
बिलासपुर/पचपेड़ी । क्षेत्र के पचपेड़ी पेट्रोल पंप के पास समाज की महिलाओं को दशगात्र कार्यक्रम की सूचना देने जा रहे युवकों पर पुरानी रंजिश या विवाद के चलते कुछ असामाजिक तत्वों ने जानलेवा हमला कर दिया। लाठी-डंडे, बेल्ट और लोहे के धारदार हथियार से लैस आरोपियों ने बीच सड़क पर युवकों को बेरहमी से पीटा। इस खूनी संघर्ष में बीच-बचाव करने आए एक अन्य युवक सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें नाजुक हालत में बिलासपुर के सिम्स (CIMS) अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
लाउडस्पीकर से दे रहे थे दशगात्र की सूचना, सामने से मारी टक्कर

थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, शिकायतकर्ता अपने साथियों के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर हाथ में लाउडस्पीकर (मूंगा) लेकर गांव व समाज में घूम रहा था। वे दशगात्र कार्यक्रम के तहत महिलाओं को नहाने जाने के लिए आवाज देकर सूचित कर रहे थे। जैसे ही उनकी मोटरसाइकिल पचपेड़ी पेट्रोल पंप के पास मुख्य सड़क पर पहुंची, तभी सामने से आ रहे बादल जांगड़े नामक युवक ने अपनी मोटरसाइकिल को लापरवाही और तेज रफ्तार से चलाते हुए प्रार्थी की गाड़ी को सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
गाड़ी धीरे चलाने की सलाह दी, तो बेल्ट से पीटना किया शुरू
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल सवार तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े। जब पीड़ितों ने उठकर बादल जांगड़े को टोकते हुए कहा कि “मोटर सायकल धीरे चलाया करो”, तो इतने में ही बादल जांगड़े का पारा चढ़ गया। वह आपा खो बैठा और मां-बहन की गंदी-गंदी गालियां देते हुए अपने कमर से बेल्ट निकालकर पीड़ितों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
लाठी-डंडे और लोहे की वस्तु लेकर पहुंचे साथी, दी जान से मारने की धमकी
सड़क पर चल रहे इस विवाद को देखकर आरोपी बादल जांगड़े के पक्ष से विक्की जांगड़े और विकास मार्शल भी मौके पर पहुंच गए। आते ही उन्होंने पीड़ितों को घेर लिया और अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। दोनों अपने साथ लाठी-डंडा और लोहे की कोई वस्तु लेकर आए थे, जिससे उन्होंने पीड़ितों पर जानलेवा हमला कर दिया।
ईंट और नुकीली चीज से सिर पर किया वार, बीच-बचाव करने वाला भी लहूलुहान
हंगामा बढ़ता देख कुछ ही देर में आरोपी पक्ष से सरोज जांगड़े और उसके अन्य साथी भी एक राय (गुट) होकर वहां पहुंच गए। इन लोगों ने भी पीड़ितों को जान से मारने की धमकी दी और हाथ में लिए ईंट व किसी नुकीले हथियार से पीड़ितों के सिर पर वार कर दिया, जिससे प्रार्थी के सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट आई है।
इस खूनी संघर्ष को देखकर स्थानीय युवक निमेश राय बीच-बचाव करने के लिए दौड़ा। लेकिन आक्रोशित आरोपियों ने उसे भी नहीं बख्शा और उस पर भी प्राणघातक हमला कर दिया। मारपीट से निमेश राय के सिर, कान, होंठ और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए तत्काल उसे बिलासपुर के सिम्स (CIMS) अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
चश्मदीदों ने बचाया, पुलिस ने दर्ज किया मामला
इस पूरे घटनाक्रम को मौके पर मौजूद त्रिलोचन मार्शल, जयमल भारद्वाज और अन्य ग्रामीणों ने देखा और बीच-बचाव कर पीड़ितों की जान बचाई, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पचपेड़ी पुलिस ने प्रार्थी के बयान और घायल की स्थिति को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं (मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और घातक हथियार का उपयोग) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है और आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
देखिए वीडियो 👇






The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
