पचपेड़ी में खूनी संघर्ष: बाइक टकराने के मामूली विवाद पर लाठी-डंडों और पेचकस से प्राणघातक हमला, 7 आरोपियों सहित 2 नाबालिग गिरफ्तार
रिपोर्टर ✒️ रूपचंद रॉय
दशगात्र कार्यक्रम के दौरान पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर किया हमला; गंभीर रूप से घायल युवक बिलासपुर सिम्स रेफर, पुलिस ने आरोपियों को भेजा जेल
बिलासपुर। थाना पचपेड़ी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पचपेड़ी में मोटर सायकल टकराने की मामूली बात को लेकर दो पक्षों में विवाद इस कदर बढ़ा कि वह खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। आरोपियों ने एक राय होकर लाठी, डंडे, बेल्ट और घातक पेचकस से पीड़ितों पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में कुछ युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पचपेड़ी पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की है और बलवा व जानलेवा हमले के आरोप में 7 मुख्य आरोपियों सहित 2 नाबालिगों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
दशगात्र कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 17 मई 2026 की दोपहर लगभग 12:30 बजे की है। प्रार्थी प्रभाकर मार्शल अपने साथी निमेश राय और दिलेश्वर मार्शल के साथ गांव में ही प्रभाकर की बड़ी मां के दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने आया था। तीनों युवक एक मोटर सायकल पर सवार होकर हाथ में लाउडस्पीकर (चोंगा) लिए समाज की महिलाओं को दशगात्र स्नान के लिए सूचित करते हुए आवाज लगा रहे थे।
गाड़ी धीरे चलाने को कहा, तो बेल्ट और ईंट से टूट पड़े आरोपी
जैसे ही प्रार्थी की मोटर सायकल पचपेड़ी पेट्रोल पंप के पास मुख्य सड़क पर पहुंची, सामने से आ रहे आरोपी बादल जांगड़े ने अपनी बाइक को तेज और लापरवाही पूर्वक चलाते हुए प्रार्थी की गाड़ी को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिर गए।
जब पीड़ितों ने आरोपी को देखकर कहा कि “मोटर सायकल धीरे चलाया करो”, तो इतने में आरोपी बादल जांगड़े आगबबूला हो गया। वह मां-बहन की अश्लील गालियां देते हुए अपने कमर से बेल्ट निकालकर प्रार्थी को पीटने लगा। विवाद बढ़ता देख आरोपी के पक्ष से विक्की जांगड़े, विकास मार्शल, सरोज जांगड़े, तुलसी जांगड़े, ललित, शैलेन्द्र और इतवारी जांगड़े समेत अन्य लोग हाथ में लाठी-डंडा, लोहे का पेचकस और ईंट लेकर मौके पर पहुंच गए।
सिम्स बिलासपुर में जिंदगी की जंग लड़ रहा घायल: आरोपियों ने एक राय होकर पीड़ितों को जान से मारने की धमकी दी और उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। प्रार्थी के सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट आई है। वहीं बीच-बचाव करने आए साथी निमेश राय के सिर, कान, होंठ और चेहरे पर आरोपियों ने पेचकस और ईंट से प्राणघातक वार किए। लहूलुहान हालत में निमेश को बिलासपुर के सिम्स (SIMS) अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस की मुस्तैदी: बीएनएस की गंभीर धाराएं जुड़ीं, हथियार जप्त
घटना के बाद पीड़ितों की शिकायत पर पचपेड़ी पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 144/2026 दर्ज किया। घायलों की गंभीर स्थिति, मेडिकल रिपोर्ट और गवाहों के बयानों के आधार पर पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कड़क धाराएं 109, 294, 115(2), 351(3), 190, 191(2), और 191(3) (बलवा और प्राणघातक हमला) जोड़ीं।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना स्थल का निरीक्षण किया और गवाहों के समक्ष 19 मई 2026 को आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त हथियार जप्त किए:
- 01 नग ईंट का टुकड़ा (आरोपी बादल जांगड़े से)
- 01 नग पहने हुआ बेल्ट (आरोपी सरोज जांगड़े से)
- 01 नग घातक पेचकस व डंडा (अपचारी बालक से)
सलाखों के पीछे पहुंचे सभी 9 आरोपी
पचपेड़ी पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए घेराबंदी कर दबिश दी और वारदात में शामिल सभी 9 आरोपियों को 19 मई 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी ग्राम पचपेड़ी के ही निवासी हैं:
- बादल जांगड़े (उम्र 19 साल) – पिता सरोज जांगड़े
- सरोज जांगड़े (उम्र 44 साल) – पिता दऊआ जांगड़े
- विक्की जांगड़े (उम्र 21 साल) – पिता सरोज जांगड़े
- तुलसी जांगड़े (उम्र 57 साल) – पिता दऊआ जांगड़े
- ललित जांगड़े (उम्र 38 साल) – पिता तुलसी जांगड़े
- शैलेन्द्र जांगड़े (उम्र 35 साल) – पिता तुलसी जांगड़े
- इतवारी जांगड़े (उम्र 45 साल) – पिता दऊआ जांगड़े
- 02 विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिक)
पुलिस ने सभी सातों वयस्कों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, वहीं दोनों नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेजा गया है। इस त्वरित और सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
