कबीरधाम जिले में “हाइपरटेंशन माह अभियान” के तहत एनसीडी स्क्रीनिंग कैंप आयोजित

0
IMG-20260521-WA1021

कलेक्टोरेट एवं 17वीं वाहिनी बटालियन सरेखा में अधिकारी-कर्मचारियों की हुई स्वास्थ्य जांच
रिपोर्टर✒️कमलेश सिंह
कवर्धा । कबीरधाम जिले में “हाइपरटेंशन माह अभियान” के अंतर्गत कलेक्टोरेट कार्यालय एवं 17वीं वाहिनी बटालियन सरेखा, विकासखंड बोडला में एनसीडी (गैर संचारी रोग) स्क्रीनिंग कैंप का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य लोगों को उच्च रक्तचाप (हाइपरटेंशन) एवं मधुमेह जैसी बीमारियों के प्रति जागरूक करना तथा समय पर जांच एवं उपचार के लिए प्रेरित करना है। कलेक्टोरेट कार्यालय में टी.एल. बैठक के पश्चात आयोजित स्वास्थ्य शिविर में कुल 83 अधिकारी-कर्मचारियों की जांच की गई। जांच के दौरान 11 व्यक्ति उच्च रक्तचाप तथा 8 व्यक्ति मधुमेह से प्रभावित पाए गए। इसी प्रकार 17वीं वाहिनी बटालियन सरेखा में आयोजित शिविर में कुल 87 अधिकारी-कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच की गई, जिसमें 14 व्यक्ति उच्च रक्तचाप एवं 8 व्यक्ति मधुमेह से प्रभावित पाए गए। शिविर में मलेरिया, सिकल सेल एवं हीमोग्लोबिन जांच भी की गई। सभी चिन्हित मरीजों को आवश्यक परामर्श, दवाइयां एवं नियमित जांच कराने की सलाह दी गई।
सीएमएचओं डाॅ. देवेन्द्र तुर्रे ने बताया कि उच्च रक्तचाप को “साइलेंट किलर” कहा जाता है, क्योंकि इसके प्रारंभिक लक्षण सामान्यतः दिखाई नहीं देते, लेकिन यह हृदय रोग, स्ट्रोक, किडनी रोग एवं अन्य गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है। समय पर जांच एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर इस बीमारी से बचाव संभव है। उन्होंने आम नागरिकों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, संतुलित आहार लेने, योग एवं व्यायाम को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा तनावमुक्त जीवनशैली अपनाने की अपील की है। स्वस्थ जीवनशैली न केवल हाइपरटेंशन बल्कि मधुमेह, हृदय रोग एवं अन्य गैर संचारी रोगों से बचाव में भी सहायक है।
यह अभियान 16 जून 2026 तक जिलेभर में संचालित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत विभिन्न शासकीय कार्यालयों, संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर स्वास्थ्य जांच एवं स्क्रीनिंग शिविर आयोजित किए जाएंगे। साथ ही विकासखंडों के सुदूर वनांचल क्षेत्रों में विशेष स्वास्थ्य शिविर एवं जनजागरूकता कार्यक्रम भी संचालित होंगे, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों में निवासरत लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके। शिविर डॉ. देवेंद्र कुमार तुरे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देशानुसार आयोजित किया गया। शिविर का संचालन डॉ. हर्षित तुवानी, जिला नोडल अधिकारी (एनसीडी) एवं अनुपमा तिवारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। शिविर के सफल आयोजन में आकांक्षा लिखार, डिस्ट्रिक्ट कंसल्टेंट एनसीडी, रूपेश तिवारी, बीपीएम बोडला, गौरव सोनी, जेएसए एनसीडी तथा विकासखंड बोडला की टीम का विशेष सहयोग रहा।

हाइपरटेंशन से बचाव के उपाय

भोजन में नमक का कम उपयोग करें।
तैलीय एवं जंक फूड से परहेज करें।
प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट व्यायाम या तेज चलना अपनाएं।
धूम्रपान एवं शराब सेवन से बचें।
तनाव कम करें और पर्याप्त नींद लें।
नियमित रूप से रक्तचाप एवं शुगर की जांच कराएं।
हरी सब्जियां, फल एवं संतुलित आहार का सेवन करें।

हाइपरटेंशन के प्रमुख लक्षण

सिर दर्द।
चक्कर आना।
थकान महसूस होना।
सांस फूलना।
धुंधला दिखाई देना।
हालांकि कई बार कोई लक्षण दिखाई नहीं देते, इसलिए नियमित जांच आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!