दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल में रोजगार मेला 2026 के 19वें चरण का सफल आयोजन।

0
Screenshot_20260523_162941

प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया शुभारंभ।

केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी  ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का किया उद्घाटन।

दपूमरे, नागपुर मंडल । दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल द्वारा भारत सरकार के रोजगार सृजन अभियान के अंतर्गत रोजगार मेले के 19वें चरण का आयोजन आज दिनांक 23 मई 2026, शनिवार को ऑडिटोरियम, नेशनल फायर सर्विस कॉलेज (एनएफएससी), पुलिस लाइन टाकली फीडर रोड, राजनगर, नागपुर में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी द्वारा प्रातः 11:00 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री जी ने देशभर के विभिन्न सरकारी विभागों एवं संगठनों में चयनित 51,000 से अधिक अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। प्रधानमंत्री जी ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय एवं सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने अपने संबोधन में युवाओं को ईमानदारी, समर्पण एवं सेवा भावना के साथ कार्य करने हेतु प्रेरित किया।

यह रोजगार मेला प्रधानमंत्री जी की युवाओं को सशक्त बनाने एवं रोजगार सृजन को प्राथमिकता देने की प्रतिबद्धता का सजीव प्रमाण है। देशभर में 47 स्थलों पर आयोजित इस 19वें रोजगार मेले के माध्यम से रेलवे, गृह मंत्रालय, डाक विभाग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग, श्रम एवं रोजगार मंत्रालय सहित विभिन्न मंत्रालयों एवं विभागों में नियुक्तियाँ प्रदान की गईं।

नागपुर में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री  नितीन गडकरी रहे। कार्यक्रम का स्थानीय शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

रोजगार मेले के अंतर्गत नागपुर में विभिन्न केंद्रीय इकाइयों एवं विभागों में चयनित कुल 305 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। जिसमें दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे नागपुर मंडल से 198 अभ्यर्थी का चयन हुआ। नियुक्त पत्र प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों में उत्साह एवं गर्व का वातावरण देखने को मिला।

इस अवसर पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक  दीपक कुमार गुप्ता, अपर मंडल रेल प्रबंधक  राजेश चिखले, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्रीमती एच. के. छोरिया सहित मंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में नितीन गडकरी ने कहा कि भारत सरकार युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा रोजगार मेला युवाओं को पारदर्शी एवं त्वरित नियुक्ति प्रक्रिया से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है। उन्होंने नियुक्ति प्राप्त सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए पूर्ण निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम का आयोजन सुव्यवस्थित एवं प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्रीमती एच. के. छोरिया द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया तथा राष्ट्र गीत एवं राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन किया गया। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल द्वारा कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु समस्त आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!